लखनऊ

श्री जी की भव्य रथयात्रा में भारी संख्या में उमड़े श्रद्धालु

श्री 1008 नेमीनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में जुलूस रथ यात्रा कार्यक्रम का आयोजन

लखनऊ फोकस ब्यूरो

लखनऊ। रविवार को बसंत पंचमी के अवसर पर राजधानी के चौक स्थित श्री 1008 नेमीनाथ दिगम्बर जैन बड़ा मंदिर में जुलूस रथ यात्रा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर श्री जी की रथ यात्रा महामहोत्सव का कार्यक्रम बहुत धूमधाम से शुरू हुआ।

जैन धर्म प्रवर्धिनी सभा के वरिष्ठ उपाध्यक्ष केसी जैन एडवोकेट ने बताया कि चौक दिगंबर जैन मंदिर में सबसे पहले सभापति ने मूलनायक भगवान नेमीनाथ का जयकारा लगा कर मंगलाचरण किया। समाज के वरिष्ठ जनों के सामने संविधान के अनुसार श्री जैन धर्म प्रवर्धनी सभा की नयी कार्यकारिणी का गठन हुआ।  तत्पश्चात रथयात्रा के सारथी, कुबेर आदि की बोलियाँ हुई। अशोक जैन चौक ने रथ का सारथी बनने का सौभाग्य प्राप्त किया। अमरीश जैन  ने कुबेर की बोली ली।

तत्पश्चात सभी भक्तगण पुष्पवृष्टि के साथ नाचते गाते हुए श्री जी की पालकी लेकर गोल दरवाजे पर रथ तक पहुंचे। श्री जी को रथ पर विराजमान करके भव्य रथयात्रा निकाली गयी। सबसे आगे बैंड बाजा, लिल्ली घोड़ी, बगघी, ऐरावत हाथी चल रहे थे।

सर्राफा एसोसिएशन चौक, व्यापार मण्डल एवं चौक चिकन एसोसिएशन ने जगह-जगह रथ का स्वागत किया। चौक गोल दरवाजे से लेकर अकबरी गेट तक पड़ने वाली जैन समाज के प्रतिष्ठान स्थलों पर जैन समाज के भक्तों का भारी हुजूम दिखाई दिया। सभी ने अपने-अपने प्रतिष्ठानों के सामने रथ पर विराजमान भगवान नेमिनाथ की आरती वंदना की। जैन समाज के अन्य सैकड़ो भक्तों ने भी ऐसा किया। सभा की तरफ से सभी को बूंदी का वितरण किया गया। रथ यात्रा चौक गोल दरवाजे से होते हुए, अकबरी गेट, नखास, याहियागंज होते हुए वापस चौक चौराहे पर संपन्न  हुई। व्यापार मण्डल के वरिष्ठ जनों के साथ, समाज के महिलाओं- बच्चों सहित  बड़ी संख्या मे भक्तगण मौजूद रहे।

सभा की  ओर से  सभी के लिए मंदिर मे स्वल्पाहार की व्यवस्था रखी गयी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से अध्यक्ष विनय कुमार  जैन, महामंत्री सुबोध  जैन, सुशील कुमार जैन,  दिलीप जैन,  डॉक्टर अनमोल जैन, ऋषभ जैन, अशोक  जैन ‘चौक’, आदीश जैन, वीर कुमार जैन,  पार्श्व कुमार जैन,  वीर कुमार  जैन, रितेश जैन,  अमित जैन,  पवन जैन आदि बहुत से भक्त सम्मिलित हुए। जैन धर्म प्रवर्धनी सभा की महिला मण्डल की अध्यक्ष श्रीमती राज जैन,  प्रतीक्षा जैन, शीतू जैन, पारुल जैन, डॉ राजश्री जैन व सैकड़ो की संख्या में महिलाओं ने भी भाग लिया।

 

Related Articles

Back to top button