uncategorized

आप का कांग्रेस पर बड़ा आरोप, कहा- दिल्ली चुनाव में बीजेपी को जिताने के लिए रची साजिश

Lucknow Focus News Desk: आम आदमी पार्टी (AAP) के दिल्ली अध्यक्ष सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस पार्टी पर 2025 के दिल्ली विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (BJP) को जिताने के लिए साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है। एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में भारद्वाज ने कहा कि कांग्रेस का मकसद खुद जीतना नहीं, बल्कि किसी भी कीमत पर AAP को हराना था।

सौरभ भारद्वाज ने अपने आरोप के समर्थन में दिल्ली कांग्रेस अध्यक्ष देवेंद्र यादव के एक इंटरव्यू का हवाला दिया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर कहा था, “दिल्ली विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने तय किया था कि भले ही बीजेपी जीत जाए, लेकिन AAP को हर हाल में हराना है।”

भारद्वाज ने कहा कि यह कोई जल्दबाजी में लिया गया फैसला नहीं था, बल्कि कांग्रेस की दिल्ली इकाई ने राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे जैसे शीर्ष नेताओं को इस साजिश के लिए राजी किया था। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने AAP के हर बड़े नेता को हराने के लिए अलग-अलग रणनीति बनाई, जबकि बीजेपी के उम्मीदवारों पर उन्होंने कोई ध्यान नहीं दिया।

चुनावी चंदे पर भी उठाए सवाल

सौरभ भारद्वाज ने कांग्रेस के चुनावी खर्च पर भी सवाल उठाए। उन्होंने बताया कि AAP ने 14 करोड़ रुपये, बीजेपी ने 57 करोड़ रुपये और कांग्रेस ने 46 करोड़ रुपये खर्च किए। इसमें से कांग्रेस को 44 करोड़ रुपये नकद चंदे के रूप में मिले। भारद्वाज ने सवाल उठाया कि चुनाव आयोग के नियमों के अनुसार 2000 रुपये से ज़्यादा नकद चंदा नहीं लिया जा सकता, तो फिर 44 करोड़ रुपये नकद कहां से आए। उन्होंने इस मामले की जांच की मांग करते हुए इसे बीजेपी और कांग्रेस की मिलीभगत बताया।

भारद्वाज ने कांग्रेस समर्थकों से आत्ममंथन करने की अपील करते हुए कहा कि 2025 के दिल्ली चुनाव ने कांग्रेस का असली चेहरा बेनकाब कर दिया है।

Related Articles

Back to top button