इन्फोटेनमेन्ट

‘सिकंदर’ के फ्लॉप होने के बाद नई दिशा में सलमान खान, निभा सकते हैं आर्मी ऑफिसर का किरदार

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के लिए हालिया समय कुछ खास अच्छा नहीं रहा है। जहां एक ओर ‘टाइगर 3’ के बाद उनकी बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘सिकंदर’ से बड़ी उम्मीदें थीं, वहीं 200 करोड़ के बजट में बनी इस फिल्म का प्रदर्शन बेहद निराशाजनक रहा। अब ऐसी खबरें हैं कि सलमान खान अपना पूरा ध्यान एक नई फिल्म की ओर केंद्रित कर चुके हैं, जिसमें वे भारतीय सेना के अफसर की भूमिका निभाते नजर आ सकते हैं।

ए.आर. मुरुगादास के निर्देशन में बनी ‘सिकंदर’ की विफलता ने सलमान खान को नए सिरे से सोचने पर मजबूर कर दिया है। पहले ‘किक 2’, फिर साउथ के किसी बड़े निर्देशक के साथ सहयोग की चर्चा, और उसके बाद संजय दत्त के साथ फिल्म की संभावनाएं… लेकिन अब इन तमाम अटकलों के बीच एक नई रिपोर्ट सामने आई है, जो सलमान के अगले प्रोजेक्ट को लेकर कुछ ठोस संकेत देती है।

आर्मी ऑफिसर का किरदार निभाएंगे सलमान?

एक रिपोर्ट के मुताबिक, निर्माता जॉर्डी पटेल ने सलमान खान की मुलाकात निर्देशक अपूर्व लाखिया से करवाई है। बताया जा रहा है कि अपूर्व ने हाल ही में लोकप्रिय किताब ‘India’s Most Fearless 3’ के फिल्म राइट्स खरीदे हैं, और इसी कहानी पर आधारित एक फिल्म की योजना बन रही है। खास बात यह है कि यह फिल्म 2020 में हुई गलवान घाटी की झड़प की पृष्ठभूमि पर आधारित होगी।

सूत्रों की मानें तो सलमान इस स्क्रिप्ट से बेहद प्रभावित हैं और भारतीय सेना के अधिकारी की भूमिका निभाने के लिए उत्साहित हैं। अगर सब कुछ योजना के अनुसार रहा, तो इस फिल्म की शूटिंग साल 2025 के दूसरी छमाही में शुरू की जा सकती है।

कई डायरेक्टर्स से मिले ऑफर, लेकिन चुना नया रास्ता

खबरों के अनुसार, सलमान खान को निर्देशक कबीर खान और अली अब्बास ज़फर की ओर से भी फिल्मों का ऑफर मिला था, लेकिन उन्होंने अपूर्व लाखिया की स्क्रिप्ट को प्राथमिकता दी। ऐसा माना जा रहा है कि सलमान अब किसी नए निर्देशक के साथ काम करने में रुचि रख रहे हैं, जिनके साथ उन्होंने पहले कभी सहयोग नहीं किया।

बताया जा रहा है कि इस फिल्म में सलमान खान के अलावा चार अन्य प्रमुख कलाकार भी नजर आएंगे, जिनकी कास्टिंग जल्द शुरू होगी। अगर यह प्रोजेक्ट फाइनल हो जाता है, तो यह सलमान खान के करियर में एक नया मोड़ साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button