अहमदाबाद विमान हादसा: मृतकों की संख्या पहुंची 274, DNA जांच से हो रही पहचान, पीएम मोदी ने जताया शोक

Lucknow Focus News Desk: अहमदाबाद में हुए भयावह विमान हादसे ने पूरे देश को झकझोर कर रख दिया है। इस त्रासदी में अब तक 274 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है। मृतकों में विमान में सवार यात्री, क्रू मेंबर्स, और हादसे के वक्त मेडिकल हॉस्टल व आस-पास मौजूद लोग शामिल हैं। अब तक 270 से अधिक शवों का पोस्टमार्टम किया जा चुका है और 200 से ज्यादा लोगों की DNA जांच के ज़रिए पहचान की जा रही है।
यह दुर्घटना उस वक्त हुई जब अहमदाबाद से लंदन गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भरने वाला विमान अचानक सरदार वल्लभभाई पटेल मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से टकरा गया। चंद सेकंड में पूरा विमान आग का गोला बन गया। हादसे के वक्त विमान में 242 लोग सवार थे, जिनमें से 241 की मौत हो चुकी है। चमत्कारिक रूप से एक ब्रिटिश नागरिक, कुमार विश्वास इस भीषण दुर्घटना में जीवित बच पाए।
हादसे के दौरान हॉस्टल और आस-पास की इमारतों में करीब 50-60 लोग मौजूद थे। इन स्थानीय लोगों में से भी 33 की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जिससे कुल मृतकों की संख्या 274 तक पहुंच गई है। बाकी घायलों का इलाज विभिन्न अस्पतालों में जारी है।
DNA जांच से हो रही शवों की पहचान
अहमदाबाद के सिविल हॉस्पिटल में पीड़ितों की शिनाख्त का काम युद्धस्तर पर किया जा रहा है। शवों की हालत गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त होने के कारण DNA टेस्टिंग की मदद से पहचान की जा रही है, ताकि शव उनके परिजनों को सौंपे जा सकें। अब तक दर्जनों शवों की पहचान हो चुकी है और उन्हें उनके परिवारों को सौंपा गया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अहमदाबाद पहुंचकर हादसे के घायलों से मुलाकात की और मेडिकल सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में एकमात्र जीवित बचे यात्री कुमार विश्वास से भी मुलाकात की और उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। पीएम मोदी ने हादसे को लेकर सोशल मीडिया पर लिखा आज अहमदाबाद के दुर्घटनास्थल का दौरा किया। जो कुछ देखा, वह बेहद दुखद और हृदयविदारक था। हमारी संवेदनाएं उन सभी लोगों के साथ हैं, जिन्होंने इस भयानक हादसे में अपने प्रियजनों को खोया।
टाटा संस देगा 1-1 करोड़ का मुआवजा
टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने भी हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि जिन लोगों ने इस हादसे में अपने परिजन खोए हैं, उनका दुख शब्दों में बयान नहीं किया जा सकता। टाटा संस की ओर से हम प्रत्येक मृतक के परिजनों को 1-1 करोड़ रुपये का मुआवजा देंगे। घायलों के इलाज का पूरा खर्च भी टाटा ग्रुप वहन करेगा।
अब भी जारी है बचाव कार्य
घटनास्थल पर राहत व बचाव कार्य लगातार जारी है। एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड, और स्थानीय प्रशासन की टीमें मलबा हटाने और लापता लोगों की तलाश में जुटी हुई हैं। सरकार ने इस घटना की उच्चस्तरीय जांच के आदेश दे दिए हैं।
Also Read: राहुल गांधी ने पीएम मोदी को लिखा पत्र, वंचित छात्रों की छात्रवृत्ति में देरी पर जताई चिंता