Akshay Kumar: बॉक्स ऑफिस पर फ्लॉप हुई प्रभास और अक्षय कुमार की फिल्म, अब OTT पर होगी रिलीज

Lucknow Focus News Desk: सुपरस्टार प्रभास और अक्षय कुमार की कुछ महीने पहले रिलीज हुई फिल्म ‘कन्नप्पा’ सिनेमाघरों में बुरी तरह फ्लॉप हो गई थी। अब यह फिल्म ओटीटी प्लेटफॉर्म पर दस्तक देने जा रही है। फिल्म के मुख्य अभिनेता विष्णु मांचू ने खुद इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी है।
‘कन्नप्पा’ 4 सितंबर से प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होगी। विष्णु मांचू ने एक पोस्ट शेयर करते हुए लिखा, “महाकाव्य, बलिदान की भावना और दिव्यता को देखें। 4 सितंबर से प्राइम वीडियो पर। हर हर महादेव, हर घर महादेव।”
200 करोड़ के बजट में बनी, कमाई हुई सिर्फ 41 करोड़
इसी साल 27 जून को सिनेमाघरों में आई यह फिल्म बड़े बजट की थी। रिपोर्ट्स के अनुसार, इसे बनाने में करीब 200 करोड़ रुपये का खर्च आया था, लेकिन यह फिल्म अपने बजट का आधा भी नहीं कमा पाई। ‘कन्नप्पा’ ने भारत में सिर्फ 31.93 करोड़ रुपये और दुनिया भर में कुल 41.75 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था।
फिल्म में प्रभास, अक्षय कुमार और विष्णु मांचू के अलावा मोहन बाबू, मोहनलाल और काजल अग्रवाल जैसे बड़े सितारे भी थे। यह एक पैन-इंडिया फिल्म थी, जिसे तेलुगु के साथ-साथ हिंदी, तमिल, कन्नड़ और मलयालम भाषाओं में भी रिलीज किया गया था।




