क्या आप भी हैं चाय से होने वाली एसिडिटी से परेशान? जानिए इसे दूर करने के आसान उपाय

Lucknow Focus News Desk: सुबह की चाय कई लोगों के लिए दिन की शुरुआत होती है, लेकिन खाली पेट चाय पीना पाचन तंत्र और मेटाबॉलिज्म के लिए नुकसानदायक हो सकता है। चाय में मौजूद कैफीन और टेनिन एसिडिटी को बढ़ाते हैं, जिससे पेट में जलन और बेचैनी हो सकती है। तो सवाल यह है कि क्या चाय की आदत छोड़े बिना इस समस्या से बचा जा सकता है?
चाय पीने से पहले पानी क्यों जरूरी?
आरएमएल हॉस्पिटल के डॉ. सुभाष गिरि के अनुसार, सुबह खाली पेट चाय पीने से पहले एक गिलास सादा पानी पीना चाहिए। पानी शरीर में एसिड को हल्का करता है, जिससे चाय में मौजूद कैफीन का असर कम हो जाता है। इससे पेट की जलन काफी हद तक कम हो सकती है। हालांकि, यह एसिडिटी को पूरी तरह खत्म नहीं कर पाएगा, लेकिन राहत जरूर मिलेगी।
चाय के साथ और क्या खाएं-पिएं?
गैस्ट्रोएंट्रोलॉजिस्ट्स का मानना है कि जिन लोगों को चाय से बहुत ज्यादा एसिडिटी होती है, उन्हें खाली पेट पानी पीना चाहिए। आप चाहें तो गुनगुना पानी भी पी सकते हैं, जिससे पेट का पीएच लेवल संतुलित रहता है।
चाय पीने से पहले हल्का नाश्ता या कोई फल खा सकते हैं।
अगर एसिडिटी की शिकायत ज्यादा है, तो दूध वाली चाय की जगह हर्बल टी, ग्रीन टी या ब्लैक टी पीना बेहतर है।
अगर दूध वाली चाय पीनी ही है, तो दूध को सीधे चाय के साथ उबालने के बजाय, पहले ब्लैक टी बनाकर ऊपर से गर्म दूध मिलाएं।
याद रखें, सिर्फ पानी पीने से ही समस्या खत्म नहीं होगी। अगर आप दिनभर तैलीय, मसालेदार या जंक फूड खाते रहेंगे, तो एसिडिटी की समस्या बनी रहेगी। इसलिए, स्वस्थ खान-पान और जीवनशैली अपनाना बेहद जरूरी है।




