आर्यन खान की डेब्यू सीरीज़ ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ में सारा और इब्राहिम अली खान का भी कैमियो, नेटफ्लिक्स पर 2025 में रिलीज़

Lucknow Focus News Desk: शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान अपने डायरेक्टोरियल डेब्यू ‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ के साथ एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं। यह वेब सीरीज़ 2025 में नेटफ्लिक्स पर रिलीज़ की जाएगी और पहले ही इसमें बॉलीवुड के कई बड़े नामों के कैमियो को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह है।
पहले से ही सलमान खान, आलिया भट्ट, रणबीर कपूर और रणवीर सिंह जैसे सितारों की झलक इस सीरीज़ में देखने को मिलने की बात सामने आ चुकी है। अब इस सूची में दो और चर्चित नाम जुड़ गए हैं सारा अली खान और इब्राहिम अली खान।
सैफ अली खान ने किया खुलासा
हाल ही में आयोजित वेव्स समिट 2025 के दौरान, नेटफ्लिक्स के सीईओ टेड सारंडोस के साथ बातचीत में अभिनेता सैफ अली खान ने इस बात की पुष्टि की कि उनके दोनों बच्चे, सारा और इब्राहिम, आर्यन की इस सीरीज़ में नजर आएंगे। उन्होंने शो की एक झलक देखी है और उसे “शानदार” बताया।
नेटफ्लिक्स सीईओ ने की शो की तारीफ
इवेंट के दौरान टेड सारंडोस ने शो के बारे में बात करते हुए इसे “वास्तव में मजेदार” बताया। उन्होंने कहा कि फिलहाल शो के टाइटल पर अंतिम निर्णय लिया जाना बाकी है, लेकिन उन्होंने इसके पहले चार एपिसोड देखे हैं और आर्यन की सोच और निर्देशन की जमकर तारीफ की।
कहानी की झलक
‘द बैड्स ऑफ बॉलीवुड’ की कहानी एक ऐसे आउटसाइडर और उसके दोस्तों के इर्द-गिर्द घूमती है, जो हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की ग्लैमर और पावर की दुनिया में अपनी पहचान बनाने की कोशिश करते हैं। इस सीरीज़ में इंडस्ट्री की परतों के पीछे की असल दुनिया और चुनौतियों को दिखाया जाएगा। माना जा रहा है कि आर्यन खान इस प्रोजेक्ट के जरिए बॉलीवुड की चमक-धमक के पीछे की सच्चाई को एक अलग नजरिए से पेश करेंगे।




