उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ पहुंचे अंतरिक्ष यात्री शुभांशु शुक्ला, एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत, रोड शो के जरिए पहुंचे अपने स्कूल

Lucknow Focus News Desk:  अंतरिक्ष की ऐतिहासिक यात्रा पूरी कर लौटे भारतीय वायुसेना के ग्रुप कैप्टन शुभांशु शुक्ला आज पहली बार अपने शहर लखनऊ पहुंचे। जैसे ही उन्होंने लखनऊ एयरपोर्ट पर कदम रखा, पूरा माहौल ‘भारत माता की जय’ और ढोल-नगाड़ों की गूंज से गूंज उठा।

एयरपोर्ट पर डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और यूपी बीजेपी अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी ने शुभांशु का भव्य स्वागत किया। उनके स्वागत के लिए उनके परिजन, हजारों की संख्या में लोग, स्कूली बच्चे, और प्रशंसकों की भारी भीड़ एयरपोर्ट पर मौजूद रही।

ढोल-नगाड़े, तिरंगे और बच्चों में उत्साह

लोगों ने तिरंगा लहराते हुए, ‘शुभांशु – नेशनल हीरो’ के नारे लगाते हुए उनका जोरदार स्वागत किया। स्कूली बच्चों ने अंतरिक्ष यात्री जैसी पोशाक पहनकर वातावरण को और भी खास बना दिया।

रोड शो के जरिए पहुंचे अपने स्कूल

एयरपोर्ट से निकलने के बाद शुभांशु शुक्ला ने एक थार वाहन में सवार होकर रोड शो की शुरुआत की। यह यात्रा उन्हें उनके पुराने स्कूल सिटी मॉन्टेसरी स्कूल (सीएमएस), गोमती नगर विस्तार तक ले गई। जहां से उन्होंने अपनी स्कूली पढ़ाई पूरी की थी।

सीएमएस परिसर में उनके सम्मान में भव्य स्वागत समारोह आयोजित किया गया। जहां शुभांशु छात्रों से संवाद करेंगे और अपने अंतरिक्ष यात्रा के अनुभव साझा करेंगे। इस अवसर को प्रेरणादायक पल के रूप में देखा जा रहा है, जो नई पीढ़ी को बड़े सपने देखने और उन्हें साकार करने की प्रेरणा देगा।

ब्रजेश पाठक ने क्या कहा?

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने मीडिया से बातचीत में कहा लखनऊ के इस सपूत ने अंतरिक्ष में जाकर देश और प्रदेश का नाम रोशन किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विज्ञान के क्षेत्र में जो ऊंचाइयां छुई हैं, वह आज हर भारतीय को गर्व से भर देती है। शुभांशु ने दुनिया को रास्ता दिखाने का काम किया है।

Related Articles

Back to top button