उत्तर प्रदेश

बाराबंकी: ‘नशामुक्त भारत अभियान’ की 5वीं वर्षगांठ पर जागरूकता रैली, 200 से अधिक लोगों ने ली नशा मुक्ति की शपथ

Lucknow Focus News Desk: सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा पूरे देश में 18 नवंबर को ‘नशामुक्त भारत अभियान’ की 5वीं वर्षगांठ मनाई गई। इसी क्रम में, बाराबंकी में बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा निःशुल्क संचालित चाइल्ड फ्रेंडली स्कूल, ग्राम छन्दवल में एक वृहद जागरूकता रैली और शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया।

जागरूकता रैली और जन भागीदारी

संस्था के अध्यक्ष रत्नेश कुमार के निर्देशन और प्रधानाचार्य विनोद कुमार के नेतृत्व में आयोजित इस रैली में छात्रों, अभिभावकों और शिक्षकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया। रैली में 182 छात्र-छात्राएं, आधा सैकड़ा अभिभावक और शिक्षक सहित कुल 221 लोगों ने हिस्सा लिया।

छात्र-छात्राओं ने नारे लिखी तख्तियों और बैनरों के साथ छन्दवल, ककरहा और छोटी छन्दवल गाँव की हर गलियों में नशामुक्त होने का संदेश पहुंचाया। गांवों की गलियां “बीड़ी सिगरेट और तम्बाकू, स्वास्थ्य सम्पदा के हैं यह डाकू”, “जीना है तो, शराब छोड़ो..”, और “जान का जोखिम, इज्जत जाए, जो व्यक्ति नशे को गले लगाए” जैसे नारों से गूंज उठीं।

ग्रामीण महिलाओं और पुरुषों ने भी इस अभियान से हाथ मिलाया और बच्चों के संग मिलकर बाराबंकी को नशामुक्त करने की सामूहिक शपथ ली।

इस कार्यक्रम का उद्देश्य नशे से दूर रहने के लिए हर स्तर पर लोगों को जागरूक करना और राष्ट्र को नशामुक्त बनाने की दिशा में योगदान देना था। कार्यक्रम में शिक्षिका वन्दना वर्मा, शारदा रावत, पूनम रत्नाकर, प्रिया मौर्य सहित तमाम शिक्षकों और अभिभावकों ने सक्रिय रूप से भाग लिया।

Related Articles

Back to top button