आजम खां ने अखिलेश यादव से की मुलाकात: सपा सुप्रीमो बोले- ये जो मेलमिलाप है यही हमारी साझा विरासत है

Lucknow Focus News Desk: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता आजम खां ने शुक्रवार को लखनऊ में सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से उनके आवास पर मुलाकात की। इस दौरान आजम खां के बेटे अब्दुल्ला आजम भी मौजूद रहे।
मुलाकात की तस्वीरें जारी
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (X) पर जारी कीं। तस्वीरों के साथ उन्होंने भावुक टिप्पणी करते हुए लिखा “न जाने कितनी यादें संग ले आए जब वो आज हमारे घर पर आए! ये जो मेलमिलाप है यही हमारी साझा विरासत है।” यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब आजम खां कानूनी और राजनीतिक चुनौतियों का सामना कर रहे हैं।
लखनऊ में आजम खां के बयान
आजम खां गुरुवार को लखनऊ पहुंचे थे, जहां वह एक होटल में ठहरे थे। इस दौरान उन्होंने कई सपा नेताओं (जैसे पूर्व मंत्री अभिषेक मिश्रा और पूर्व विधायक सिबगतुल्लाह) से मुलाकात की और महत्वपूर्ण बयान दिए।
उन्होंने कहा था कि 50 साल की सियासत के बावजूद लखनऊ में उनकी कोई कोठी नहीं है, फिर भी उन्हें भूमाफिया घोषित किया जा रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री के ‘कट्टा’ वाले बयान पर तंज़ कसते हुए कहा था कि “हमारे यहां तो कट्टे बेचने वाले का बेटा विधायक बना और उसे कमांडो मिले हैं।”
उन्होंने लखनऊ में हैदर अब्बास द्वारा लिखी गई पुस्तक ‘सीतापुर की जेल डायरी’ का विमोचन भी किया। आजम खां के लखनऊ आने का कार्यक्रम काफी गुप्त रखा गया था, लेकिन उनकी सपा अध्यक्ष से मुलाकात के बाद सियासी सरगर्मी तेज़ हो गई है।




