उत्तर प्रदेश

स्वस्थ बचपन के लिए ‘संतुलित आहार जरूरी’, बाराबंकी में बच्चों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण

Lucknow Focus News Desk: स्वस्थ और रोगमुक्त बचपन के महत्व पर जोर देते हुए, बेसिक उत्थान एवं ग्रामीण सेवा संस्थान द्वारा संचालित चाइल्ड फ्रेन्डली स्कूल में शुक्रवार को निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार शिविर का आयोजन किया गया। इस दौरान किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के विशेषज्ञ डॉक्टरों ने लगभग 170 बच्चों का स्वास्थ्य जांच की और आवश्यक दवाइयाँ वितरित कीं।

हेल्दी डाइट की कमी से बढ़ सकते हैं रोग: विशेषज्ञ

बच्चों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए केजीएमयू के बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गोविंद पांडेय ने माताओं से बच्चों के संतुलित आहार पर विशेष ध्यान देने की अपील की। डॉ. पांडेय ने चेतावनी दी कि हेल्दी डाइट न मिलने पर बच्चों में एनीमिया, पेट दर्द और संक्रमण की संभावना बढ़ जाती है।

वहीं, बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. गौरव सिंह ने बदलते मौसम में बच्चों की देखभाल पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि खान-पान और साफ-सफाई में कमी के कारण बच्चों में खांसी, बुखार, पेट दर्द और संक्रामक रोग बढ़ते हैं। उन्होंने विशेष रूप से वर्षा ऋतु के बाद फैलने वाले डेंगू, मलेरिया और टाइफाइड जैसे रोगों पर ध्यान देने और बुखार पीड़ित बच्चों की तत्काल जांच कराने की सलाह दी।

170 बच्चों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण

स्वास्थ्य शिविर में जांच के दौरान लगभग एक दर्जन बच्चों में एनीमिया और फुंसी व पेट दर्द की समस्या पाई गई, जिनका मौके पर ही उपचार किया गया। कुल मिलाकर, लगभग 170 छात्र-छात्राओं का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण किया गया और उन्हें जरूरी दवाइयाँ वितरित की गईं।

संस्थान के अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने सभी के स्वस्थ रहने की कामना की। विद्यालय के प्रधानाचार्य विनोद कुमार ने चिकित्सकों का स्वागत किया। इस मौके पर शिक्षिका वंदना वर्मा, शारदा रावत, सरिता यादव, प्रिया मौर्य, पूनम रत्नाकर, अर्चना, प्रिंसी वर्मा, पलक कनौजिया सहित कई कर्मचारियों और अभिभावकों ने भी अपना स्वास्थ्य परीक्षण कराया।

Related Articles

Back to top button