मायावती को लेकर राहुल गांधी का बड़ा खुलासा


कहा-बसपा प्रमुख दबावों के आगे झुक गईं और भाजपा को खुला रास्ता दे दिया
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने बसपा प्रमुख मायावती को लेकर एक बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने शनिवार को नई दिल्ली में एक पुस्तक विमोचन कार्यक्रम में कहा कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पूर्व कांग्रेस पार्टी ने उन्हें गठबंधन करने और मुख्यमंत्री का चेहरा बनने का खुला आफर दिया था लेकिन मायावती ने कांग्रेस के प्रस्ताव का कोई जवाब ही नहीं दिया। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि मायावती सीबीई, ईडी और पेगासस के जरिये बनाए जा रहे दबाव के आगे झुक गईं और भाजपा को खुला रास्ता दे दिया।
पूर्व आईएएस आफिसर और कांग्रेस नेता के राजू की पुस्तक के विमोचन के अवसर पर राहुल गांधी ने यह बातें कहीं। उन्होंने कहा कि हम दलितों के नेता और बसपा के संस्थापक कांशीराम का बहुत सम्मान करते हैं, हालांकि बसपा ने कांग्रेस को बहुत नुकसान पहुंचाया लेकिन हम कांशीराम का सम्मान इसलिए करते हैं क्योंकि उन्होंने खून-पसीना बहाकर दलितों की आवाज को जगाया।

राहुल गांधी ने कहा कि मायावती जी ने दलितों के लिए नहीं लड़कर भाजपा को खुला रास्ता दे दिया है। उन्होंने कहा कि आज हमारी लड़ाई संविधान को बचाने की लड़ाई है।




