गुजरात कैबिनेट में जल्द होने वाला है बड़ा फेरबदल, रिवाबा जडेजा समेत कई नए चेहरों को मिल सकती है जगह

Lucknow Focus News Desk: गुजरात की राजनीति में जल्द ही एक बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल के नेतृत्व वाली सरकार में कल (बुधवार) या परसों (गुरुवार) मंत्रिमंडल का विस्तार और फेरबदल होने की प्रबल संभावना है। 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद यह पहला बड़ा फेरबदल होगा, जिसे 2027 के आगामी चुनावों की रणनीति को ध्यान में रखते हुए किया जा रहा है।
नए चेहरों को मौका और मंत्रियों का प्रमोशन
जानकारी के मुताबिक, इस फेरबदल में कई नए चेहरों को मंत्रिमंडल में शामिल किया जाएगा और कुछ मौजूदा मंत्रियों को पदोन्नत किया जा सकता है।
संभावित नए मंत्री: रिवाबा जडेजा (क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की पत्नी और उत्तर जामजोधपुर विधायक), अर्जुन मोडवाडिया और जीतू वाघानी को मंत्री बनाया जा सकता है।
प्रमोशन: गृह राज्य मंत्री हर्ष सांघवी को कैबिनेट मंत्री के रूप में पदोन्नत किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के अनुसार, लगभग 8 से 10 मंत्रियों को उनके पदों से हटाया जा सकता है, जिसके बाद 13 से 15 नए मंत्री शपथ ले सकते हैं। जिन मंत्रियों को हटाया जाएगा, वे आज (मंगलवार) अपने पद से इस्तीफा दे सकते हैं।
2027 चुनाव पर फोकस
वर्तमान में गुजरात मंत्रिमंडल में अधिकतम 27 मंत्रियों की जगह है, जबकि केवल 17 मंत्री ही शामिल हैं, यानी 10 मंत्रियों के पद खाली हैं। सूत्रों का कहना है कि आगामी विधानसभा चुनावों को देखते हुए सरकार इन खाली जगहों पर विभिन्न क्षेत्रों और दलों के लोगों को जगह देकर संतुलन साधने का प्रयास करेगी। हालांकि, मंत्रिमंडल में सभी खाली पद नहीं भरे जाएंगे। यह फेरबदल बीजेपी की संगठनात्मक रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है, ताकि 2027 के चुनाव से पहले जनभावना को साधा जा सके।




