बिहार चुनाव: महागठबंधन ने तेजस्वी यादव को सीएम और मुकेश सहनी को डिप्टी सीएम चेहरा किया घोषित

Lucknow Focus News Desk: राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के नेता तेजस्वी यादव को बिहार विधानसभा चुनाव के लिए महागठबंधन का मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित किया गया है। वहीं, विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के प्रमुख मुकेश सहनी को उपमुख्यमंत्री का चेहरा बनाया गया है।
वरिष्ठ कांग्रेस नेता अशोक गहलोत ने पटना में एक संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस में यह घोषणा की। गहलोत ने कहा, “हम सभी ने तय किया है कि इस चुनाव में अगले मुख्यमंत्री के लिए तेजस्वी यादव के नाम का समर्थन करते हैं।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि मुकेश सहनी महागठबंधन की तरफ से उपमुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार होंगे, और सरकार बनने पर कुछ अन्य पिछड़े वर्ग के नेताओं को भी डिप्टी सीएम बनाया जाएगा।
तेजस्वी यादव का विज़न
मुख्यमंत्री पद का उम्मीदवार घोषित होने के बाद तेजस्वी यादव ने युवाओं, किसानों और गरीबों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने कहा “नौजवान हैं, हर जाति और धर्म के लोगों को साथ लेकर चलना चाहते हैं। नया बिहार बनाना चाहते हैं। हमारे पास विजन है।”
- उन्होंने बीजेपी पर ‘ए टीम’ और ‘बी टीम’ लगाने का आरोप लगाते हुए कहा कि किसी में दम नहीं है कि संविधान को बदल सके, आरक्षण छीन सके या हिंदू-मुस्लिम दंगा करा सके।
- तेजस्वी ने वर्तमान सरकार पर भ्रष्टाचार और खराब कानून-व्यवस्था का आरोप लगाते हुए कहा कि वह करप्शन और लॉ एंड ऑर्डर से कभी समझौता नहीं करेंगे।
- उन्होंने एनडीए सरकार को ‘नकलची सरकार’ बताते हुए कहा कि यदि बिहार के लोग 20 महीने का मौका देंगे, तो “जो 20 साल में नहीं हुआ, वह 20 महीने में करेंगे।”
- उन्होंने जनता से वादा किया कि उनके मुख्यमंत्री बनने पर बिहार के सभी लोग सीएम बनेंगे और गैस सिलेंडर का दाम ₹500 किया जाएगा।
उधर, जनता दल (यूनाइटेड) के सीएम नीतीश कुमार आज तीन अलग-अलग जगहों पर चुनावी रैलियां करेंगे। तेजस्वी यादव ने एनडीए पर तंज कसते हुए कहा कि एनडीए में नीतीश कुमार के साथ अन्याय हो रहा है और उनके सीएम चेहरे की कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, जबकि अमित शाह ने फैसला कर लिया है कि यह नीतीश कुमार का आखिरी चुनाव है।
