देश

बिहार चुनाव: पवन सिंह ने चुनाव लड़ने की अटकलों पर लगाया विराम, बोले- पार्टी का सच्चा सिपाही हूं

Lucknow Focus News Desk: हाल ही में भारतीय जनता पार्टी (BJP) में शामिल हुए भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह ने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने की सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है। उन्होंने स्पष्ट किया है कि वह इस बार चुनावी मैदान में नहीं उतरेंगे, बल्कि पार्टी के सिपाही के रूप में काम करेंगे।

सोशल मीडिया पर किया एलान

शनिवार सुबह पवन सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अपनी एक तस्वीर सोशल मीडिया पर साझा करते हुए यह घोषणा की। उन्होंने लिखा “मैं, पवन सिंह, अपने भोजपुरी समाज से कहना चाहता हूं कि मैंने बिहार विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए पार्टी ज्वाइन नहीं किया था और न ही मेरा कोई ऐसा इरादा है। मैं पार्टी का एक सच्चा सिपाही हूँ और हमेशा रहूंगा।”

इस बयान के बाद उन सभी कयासों पर विराम लग गया है जिनमें चर्चा थी कि भाजपा उन्हें इस विधानसभा चुनाव में किसी सीट से उम्मीदवार बना सकती है। पवन सिंह ने स्पष्ट किया है कि वह अब NDA प्रत्याशियों के प्रचार-प्रसार में सक्रिय रूप से काम करेंगे।

निजी विवाद पर दिया बयान

इससे पहले, गुरुवार को एक प्रेस वार्ता के दौरान पवन सिंह ने अपनी पत्नी ज्योति सिंह के साथ चल रहे विवादों पर भी खुलकर बात की थी। उन्होंने अपनी पत्नी के लखनऊ स्थित आवास पर आने के समय पर सवाल उठाते हुए कहा था कि यह विवाद कोर्ट में विचाराधीन है, और अदालत का जो भी फैसला होगा, वह उन्हें मान्य होगा।

पवन सिंह ने आरोप लगाया था कि उनकी पत्नी ने यह कदम बिहार चुनाव की घोषणा के ठीक उसी समय उठाया है। उन्होंने कहा, “जब चुनाव आयोग बिहार चुनाव की घोषणा करता है, उसी समय इस तरह का माहौल बनाया जा रहा है,” यह कहते हुए उन्होंने पत्नी के चुनाव के समय संपर्क करने के इरादे पर संदेह व्यक्त किया था। पवन सिंह के इस फैसले की उनके समर्थकों ने सराहना की है और उन्हें पार्टी का सच्चा कार्यकर्ता बताया है।

Related Articles

Back to top button