भाजपा सरकार केवल बड़ी-बड़ी बातें करती है, काम नहीं –चौधरी


लखनऊ फोकस न्यूज
बलिया। बात-बात पर सपा सरकार को कोसने वाली भाजपा सरकार अगर समाजवादी सरकार में स्वास्थ्य के क्षेत्र में जनपद में किए गए सुधारात्मक कार्यों को ही सिर्फ अगर संजो देती तो बलिया के लोगों को छोटी-छोटी चिकित्सकीय समस्याओं के निदान हेतु अन्य जगहों पर रेफर होकर नहीं जाना पड़ता। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व नेता प्रतिपक्ष राम गोविंद चौधरी ने सोमवार को प्रेस को जारी अपने एक बयान में कहा कि वर्तमान सत्ता विकास के क्षेत्र कुछ करना नहीं चाहती, बस समाजवादी पार्टी पर बिना सिर-पैर का असत्य आरोप लगाती रहती है। पिछले 6 वर्षों में विकास के नाम पर प्रदेश सरकार द्वारा जनपद में कोई परियोजना नहीं दी है लेकिन बातें बड़ी-बड़ी की हैं।
रामगोविन्द चौधरी ने कहा कि सपा सरकार में बलिया जिला चिकित्सालय में ट्रामा सेंटर बना था उसे आज तक वर्तमान सरकार सुचारू रूप से संचालित नहीं करा पाई। गंभीर बीमारियों के जांच हेतु आधुनिक मशीनें जो सपा सरकार में आई थी वे धूल फांक रही हैं। इस तरफ आज तक इस सरकार का ध्यान नहीं गया।
चौधरी ने आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार हीट वेव के दौरान जनपद को राहत पहुंचाने में पूरी तरह नाकाम है और अपनी नाकामियों को छुपाने के लिए सी.एम.एस. एवं अन्य डाक्टरों को बलि का बकरा बना रही है।
पूर्व नेता प्रतिपक्ष ने मांग की कि इस दैवीय आपदा में लोगों को राहत पहुंचाने और सुरक्षा प्रदान करने के लिए सरकार जनपद के सभी छोटे-बड़े सरकारी चिकित्सालयों में पर्याप्त दवाइयां एवं अन्य सुविधा उपलब्ध कराए। साथ ही जनपद में निर्विघ्न विद्युत सप्लाई सुनिश्चित करे। आवश्यकता अनुसार अन्य जनपदों से भी चिकित्सकों की टीम बलिया में तैनान की जाय। चौधरी ने जनपद के समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं से भी अपील की कि इस असाधारण परिस्थिति में सभी कार्यकर्ता लोगों की मदद में सहयोगी बनें।




