क्या कैल्शियम सप्लीमेंट लेने से किडनी में पथरी हो सकती है? जानें एक्सपर्ट की राय

Lucknow Focus News Desk: हड्डियों की मजबूती और शरीर के लिए कैल्शियम एक बहुत ज़रूरी मिनरल है। अक्सर डॉक्टर इसकी कमी को पूरा करने के लिए सप्लीमेंट लेने की सलाह देते हैं। लेकिन, कई लोगों के मन में यह सवाल उठता है कि क्या कैल्शियम की गोलियाँ खाने से किडनी में पथरी हो सकती है?
कैल्शियम सप्लीमेंट और पथरी का क्या है संबंध?
विशेषज्ञ के अनुसार पथरी सिर्फ कैल्शियम से नहीं बनती, बल्कि तब बनती है जब कैल्शियम, ऑक्जेलेट और यूरिक एसिड जैसे मिनरल शरीर में जमा होने लगते हैं। ऐसा तब होता है जब आप कम पानी पीते हैं और ये मिनरल पेशाब के ज़रिए बाहर नहीं निकल पाते, जिससे धीरे-धीरे वे स्टोन (पथरी) का रूप ले लेते हैं।
डॉ बताते हैं कि कैल्शियम सप्लीमेंट से पथरी का खतरा तभी बढ़ता है जब आप बहुत ज़्यादा मात्रा में सप्लीमेंट ले रहे हों। पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं पी रहे हों। आपकी डाइट में पहले से ही कैल्शियम और ऑक्जेलेट की मात्रा ज़्यादा हो। अगर डॉक्टर की सलाह पर और सही मात्रा में कैल्शियम लिया जाए, तो इसका खतरा बहुत कम होता है।
डाइट से कैल्शियम लेना ज़्यादा सुरक्षित
एक्सपर्ट्स का मानना है कि सप्लीमेंट की तुलना में डाइट से कैल्शियम लेना ज़्यादा सुरक्षित है। दूध, दही, पनीर, हरी पत्तेदार सब्जियां और बादाम जैसे खाद्य पदार्थों में प्राकृतिक रूप से कैल्शियम होता है और शरीर इन्हें आसानी से पचा लेता है, जिससे पथरी बनने का खतरा कम होता है।
किसे ज़्यादा सावधानी बरतनी चाहिए?
जिन लोगों को पहले से ही किडनी स्टोन की समस्या है, जिनके परिवार में इसका इतिहास रहा है, या जिन्हें यूरिक एसिड की समस्या है, उन्हें डॉक्टर की सलाह के बिना कैल्शियम सप्लीमेंट नहीं लेना चाहिए।
पथरी से बचने के लिए कुछ आसान टिप्स:
रोजाना 2 से 3 लीटर पानी जरूर पिएं।
चाय, कॉफी और सॉफ्ट ड्रिंक्स का सेवन कम करें।
नमक और प्रोसेस्ड फूड को अपनी डाइट से दूर रखें।
फल और सब्जियों का ज़्यादा सेवन करें।




