बाराबंकी: मिशन शक्ति-5 के तहत छात्राओं के लिए कैरियर काउंसलिंग, ‘पहले कैरियर, फिर शादी’ पर जोर

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश सरकार के मिशन शक्ति-5 अभियान के तहत राजकीय बालिका इंटर कॉलेज बाराबंकी में छात्राओं के लिए कैरियर गाइडेंस काउंसलिंग और व्यक्तिगत सुरक्षा (Personal Awareness) कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में एक सैकड़ा से अधिक छात्राओं ने भाग लिया।
कैरियर और व्यक्तिगत सुरक्षा पर मार्गदर्शन
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद समाजसेवी रत्नेश कुमार ने छात्राओं का मार्गदर्शन करते हुए उन्हें जीवन में लक्ष्य निर्धारित कर कड़ी मेहनत करने की सलाह दी।
रत्नेश कुमार ने छात्राओं से कहा कि वे छात्र जीवन में “यारी दोस्ती के चक्कर में पड़कर शादी रचाने के सपनों में न उलझें।” उन्होंने जोर दिया कि कैरियर बनने के बाद शादी के लिए सुनहरे अवसर खुद-ब-खुद प्राप्त होते हैं। उन्होंने बालिका शिक्षा, पॉक्सो एक्ट और सीडब्ल्यूसी (CWC) द्वारा बच्चों के संरक्षण के कार्यों के बारे में भी महत्वपूर्ण जानकारी दी।
पर्सनल सेफ्टी और हेल्पलाइन की जानकारी
कार्यक्रम में चाइल्ड हेल्पलाइन के प्रभारी अमित कुमार, सुपरवाइजर अवधेश कुमार और जिला समन्वयक मीना पाल ने भी छात्राओं को व्यक्तिगत सुरक्षा के टिप्स दिए।
जिला समन्वयक मीना पाल ने बालिकाओं को पर्सनल सेफ्टी, बाल विवाह, यौन शोषण और लिंग भेद जैसे संवेदनशील विषयों पर जानकारी देकर जागरूक किया। अवधेश कुमार ने चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर और महिला स्वावलंबन की जानकारी दी, ताकि जरूरत पड़ने पर छात्राएं मदद ले सकें।
विद्यालय की प्रधानाचार्य डॉ. नंदिता सिंह ने छात्राओं को शिक्षा के माध्यम से जीवन में आगे बढ़ने का संदेश दिया और अतिथियों का धन्यवाद किया। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की शिक्षिका और मिशन शक्ति प्रभारी दीपशिखा त्रिपाठी ने किया।




