अनिल अंबानी पर सीबीआई का शिकंजा, 17,000 करोड़ बैंक फ्रॉड केस में घर पर छापेमारी

Lucknow Focus News Desk : उद्योगपति मुकेश अंबानी के छोटे भाई अनिल अंबानी की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। मंगलवार सुबह सीबीआई (CBI) ने ₹17,000 करोड़ के बैंक धोखाधड़ी मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए उनके मुंबई स्थित घर सीविंड अपार्टमेंट (कफ परेड) पर छापेमारी की। सुबह करीब 7 बजे शुरू हुई तलाशी के दौरान अनिल अंबानी और उनका परिवार घर पर मौजूद था।
ईडी भी कर चुका है कार्रवाई
इससे पहले प्रवर्तन निदेशालय (ED) भी अनिल अंबानी से पूछताछ कर चुका है। जुलाई में ईडी ने रिलायंस ग्रुप से जुड़ी लगभग 50 कंपनियों और 25 व्यक्तियों के ठिकानों पर छापे मारे थे। सिर्फ मुंबई में ही करीब 35 जगहों पर हुई इस कार्रवाई में कई गंभीर वित्तीय अनियमितताएं सामने आई थीं।
जांच में सामने आए आरोप
ईडी और सीबीआई की जांच में जिन गड़बड़ियों की ओर इशारा किया गया है, उनमें शामिल हैं
कंपनियों को बिना सही जांच-परख के लोन जारी करना
एक ही पते और डायरेक्टर वाली कंपनियों को करोड़ों रुपये का कर्ज देना
लोन फाइलों में जरूरी दस्तावेजों की कमी
शेल कंपनियों के नाम पर लोन मंजूरी
एक लोन चुकाने के लिए दूसरा लोन लेना
यस बैंक से जुड़ा मामला
यह पूरा केस वित्त वर्ष 2017-2019 का है। आरोप है कि यस बैंक ने अनिल अंबानी की कंपनियों को बड़े पैमाने पर लोन जारी किया। सूत्रों का दावा है कि लोन मंजूरी से पहले यस बैंक के प्रमोटर्स को भारी रकम दी गई थी। इसी वजह से अब रिश्वतखोरी और कारोबारी रिश्तों की जांच भी तेज हो गई है।
सीबीआई ने छापेमारी से पहले दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज की थीं। इन्हीं एफआईआर के आधार पर मंगलवार को तलाशी अभियान चलाया गया। माना जा रहा है कि इस मामले में आने वाले दिनों में और भी बड़े खुलासे हो सकते हैं।




