केंद्र और प्रदेश की सरकारें किसान विरोधी – अनिल दुबे


किसानों से संवाद कार्यक्रम में रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता का भव्य स्वागत
लखनऊ फोकस ब्यूरो
बाराबंकी। राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे का गुरुवार को हैदरगढ़ में कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य स्वागत व अभिनन्दन किया गया। दुबे ग्राम पंचायत मरुई में किसानों से संवाद करने पहुंचे थे। इस अवसर पर आयोजित किसान संवाद में बोलते हुए रालोद के राष्ट्रीय प्रवक्ता अनिल दुबे ने केंद्र और प्रदेश की दोनों सरकारों को किसान विरोधी बताते हुए कहा कि 2022 तक किसानों की आमदनी दोगुनी करने का वादा करने वाली सरकार न तो किसानों की आमदनी दोगुनी कर पाई और न किसानों को उनकी लागत का उचित मूल्य दे पाई।
दुबे ने कहा कि इस सरकार के कार्यकाल में किसान तबाह और परेशान है। किसानों के पास न तो दवा के पैसे हैं, न ही उनकी उपज का लाभकारी मूल्य मिल रहा है। किसानों की खेती की लागत चार गुना बढ़ चुकी है लेकिन इस सरकार ने गन्ने का मूल्य बढ़ाने की ज़रूरत नहीं समझी। गन्ना किसानों का कई हज़ार करोड़ अभी भी बकाया है लेकिन सरकार उस पर ध्यान नहीं दे रही है। उन्होंने कहा कि किसानों के लिए सबसे बड़ा मुद्दा गन्ने बकाये का भुगतान और लाभकारी मूल्य न मिलना है लेकिन सरकार किसानों के साथ विश्वासघात कर रही है। केन एक्ट के अनुसार गन्ने का भुगतान 14 दिन के अंदर नहीं होने की स्थिति में किसानों को गन्ना मूल्य मय ब्याज के भुगतान करने का प्रावधान है। सरकार के तानाशाही रवैय्ये व पूंजीपति प्रेम के कारण गन्ना मिलें किसानों का हज़ार करोड़ रूपये दबाये बैठी हैं, जिसके वजह से किसानों मे निराशा है।
उन्होंने कहा कि यूरिया की बोरी का वजन काम करके भी सरकार ने किसानों के साथ छल करने का काम किया है। इस सरकार ने देश मे प्रति वर्ष 2 करोड़ नौजवानों को रोजगार देने का वादा किया था लेकिन ये दावा भी खोखला निकला। उन्होंने किसानों से इस सरकार को बदलने की अपील करते हुए कहा की दो बार इस सरकार को बनाने की गलती आप लोग कर चुके हैं, अब तीसरी बार ये गलती मत करियेगा। उन्होंने कहा की तवे की रोटी व देश-प्रदेश के शासन को पलटते रहना चाहिए। रोटी नहीं पलटेंगे तो जल जाएगी और सत्ता नहीं पलटेंगे तो तानाशाह हो जाएगी।
दुबे ने कहा की देश से भाजपा को हटाने के लिए इंडिया गठबंधन बना है और इंडिया गठबंधन 2024 में बीजेपी को सत्ता से हटाएगा। भाजपा इस चुनाव मे इंडिया गठबंधन के सामने कहीं भी नहीं टिक पाएगी। उन्होंने कहा की भाजपा सरकार सत्ता का दुरुपयोग कर विपक्षी नेताओं को फंसाने का काम कर रही है, जिसे देश की जनता देख रही है और अब 2024 के चुनाव मे जनता इन्हें बाहर का रास्ता दिखाएगी। उन्होंने कहा की सरकार की गलत नीतियों के कारण प्रदेश में बिजली व्यवस्था बदहाल है, बिजली के बढे हुए बिल भेजकर सरकार जनता का शोषण कर रही है।
दुबे ने कहा कि कानून-व्यवस्था, महंगाई, रोजगार, गरीब और किसान कल्याण के मोर्चे पर सरकार विफल रही है। उन्होंने किसानों का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा की जनविरोधी नीतियों से जनता को अवगत कराने का काम करें।
अनिल दुबे के पहुंचने पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने उन्हें फूल माला देकर स्वागत किया। स्वागत करने वालों में भारतीय किसान यूनियन के प्रदेश महासचिव देवेंद्र प्रताप सिंह, ग्राम प्रधान वीरेन्द्र सिंह, इकेंद्र सिंह, राम भीख यादव, मुन्ना द्विवेदी, पप्पू सिंह, बंकी साहू, अनुज सिंह, वीरेन्द्र मिश्रा सहित तमाम लोग शामिल रहे।




