केंद्र सरकार ने वापस लिया आयकर विधेयक 2025, नए बदलावों के साथ 11 अगस्त को होगा पेश
प्रवर समिति की 285 सिफारिशों को किया गया स्वीकार, वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने दी जानकारी

Lucknow Focus News Desk: केंद्र सरकार ने आयकर विधेयक 2025 को लोकसभा से वापस ले लिया है। यह फैसला विधेयक की समीक्षा के लिए बनी 31 सदस्यीय प्रवर समिति की रिपोर्ट आने के बाद लिया गया। सरकार अब इस विधेयक को नए और बदले हुए रूप में 11 अगस्त को लोकसभा में फिर से पेश करेगी।
इस विधेयक को इसी साल 13 फरवरी को लोकसभा में पेश किया गया था। बीजेपी सांसद बैजयंत पांडा की अध्यक्षता में बनी इस समिति ने विधेयक पर गहन विचार-विमर्श किया और कुल 285 सुझाव दिए। समिति ने 21 जुलाई को अपनी रिपोर्ट सदन में पेश की, जिसमें कई महत्वपूर्ण बदलावों की सिफारिश की गई थी।
विधेयक को और बेहतर बनाने के लिए इसे नए सिरे से पेश करना जरूरी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने शुक्रवार को लोकसभा में विधेयक वापस लेने की जानकारी देते हुए कहा कि सरकार ने समिति की लगभग सभी सिफारिशों को स्वीकार कर लिया है। इन सुझावों को कानूनी रूप देने और विधेयक को और बेहतर बनाने के लिए इसे नए सिरे से पेश करना जरूरी था।
सूत्रों के अनुसार, सरकार चाहती है कि विधेयक के कई अलग-अलग संस्करणों से पैदा होने वाले भ्रम से बचा जाए। इसलिए सभी बदलावों को एक साथ मिलाकर एक नया और स्पष्ट विधेयक तैयार किया गया है, जिसे सोमवार को सदन में पेश किया जाएगा। इस कदम से उम्मीद है कि आयकर प्रणाली को और भी सरल और प्रभावी बनाया जा सकेगा।
Also Read: बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, बस पर पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत




