उत्तर प्रदेश

CM योगी ने औरैया में किसानों से किया संवाद, मक्का खेती को बताया परिवर्तन का प्रतीक

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को औरैया के अजीतमल स्थित जनता डिग्री कॉलेज में विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के तहत मक्का किसानों से सीधे संवाद किया। उन्होंने वैज्ञानिकों, कृषि विशेषज्ञों और विश्वविद्यालयों के प्राध्यापकों की मेहनत को खेतों तक पहुंचाने के लिए केंद्र और राज्य सरकार की ‘डबल इंजन’ नीति की सराहना की और इसे “लैब से जमीन तक” के विजन का सटीक उदाहरण बताया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले जहां किसान सिर्फ एक या दो फसलों तक सीमित थे, वहीं अब मक्का की खेती को अपनाकर 5 लाख हेक्टेयर से अधिक क्षेत्र में किसान अच्छा लाभ कमा रहे हैं। उन्होंने इसे कृषि में बदलाव की दिशा में बड़ी उपलब्धि बताया।

सम्मान, संवाद और संकल्प

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने प्रगतिशील किसानों को सम्मानित किया, मिनी किट्स का वितरण किया और विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को अनुदान भी प्रदान किया। स्टॉल का अवलोकन करने के साथ उन्होंने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार कराया और पौधरोपण भी किया।

सीएम योगी ने कहा, “2017 से पहले किसान आत्महत्या के लिए मजबूर होते थे। गन्ना भुगतान लंबित रहता था और क्रय केंद्र भी निष्क्रिय थे। हमारी सरकार ने 86 लाख किसानों का कर्ज माफ कर राहत दी। अब मकई, दलहन, तिलहन, आलू, गेहूं और धान के लिए क्रय केंद्रों की स्थापना की जा रही है।”

एमएसपी पर जल्द आएगा फैसला

उन्होंने आश्वस्त किया कि मक्का की खेती को बढ़ावा देने के लिए जल्द ही एमएसपी घोषित कर क्रय केंद्र खोले जाएंगे। उन्होंने मक्का को पोषण और व्यापार दोनों के लिए उपयोगी बताते हुए कहा कि इससे बेबी कॉर्न, स्वीट कॉर्न, बायोफ्यूल और बायोप्लास्टिक जैसे उत्पाद तैयार किए जा सकते हैं। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के वैल्यू एडिशन और फूड प्रोसेसिंग के दृष्टिकोण का भी उल्लेख किया।

मुख्यमंत्री ने औरैया जिले में चल रहे विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा, “250 करोड़ रुपये की लागत से अहिल्याबाई होल्कर मेडिकल कॉलेज बनकर तैयार है। 272 करोड़ रुपये से रिजर्व पुलिस लाइन का निर्माण हो रहा है। 151 करोड़ की लागत से यमुना पर पुल का निर्माण और 24 करोड़ से मॉडल कंपोजिट स्कूल की स्थापना की जा रही है।” उन्होंने यह भी बताया कि कृषि विज्ञान केंद्र, कृषि एक्सटेंशन, जिला न्यायालय और अन्य प्रमुख योजनाओं के लिए कुल सैकड़ों करोड़ रुपये स्वीकृत किए जा चुके हैं।

रोजगार और कानून व्यवस्था पर भी फोकस

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि उनकी सरकार 8 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी दे चुकी है, जिसमें से 2.16 लाख भर्तियां यूपी पुलिस में की गई हैं। उन्होंने बताया कि 15 जून को केंद्रीय गृह मंत्री के हाथों 60 हजार नवचयनित पुलिसकर्मियों को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।

इसके अलावा 1.60 लाख शिक्षक, और अन्य विभागों में पारदर्शी नियुक्तियों के साथ राज्य में कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है, जिसके चलते 65 लाख युवाओं को रोजगार मिला है। ‘एक जिला एक उत्पाद’ (ODOP) योजना के जरिए करीब दो करोड़ युवाओं को आजीविका के साधन उपलब्ध कराए गए हैं।

पूर्ववर्ती सरकारों पर निशाना

सीएम योगी ने कहा कि पिछली सरकारों के समय गुंडे और माफियाओं का बोलबाला था, और नौकरियों में चाचा-भतीजे की दखल के कारण युवाओं के साथ खिलवाड़ होता था। “हमने योग्यता के आधार पर पारदर्शी भर्ती व्यवस्था लागू की है।

इस मौके पर कृषि मंत्री सूर्यप्रताप शाही, कृषि राज्यमंत्री बलदेव सिंह औलख, प्रभारी मंत्री प्रतिभा शुक्ला, राज्यसभा सांसद गीता शाक्य, विश्वविद्यालय के कुलपति आनंद कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष कमल सिंह दोहरे, विधायक गुड़िया कठेरिया, पूर्व सांसद रामशंकर कठेरिया और भाजपा जिलाध्यक्ष सर्वेश कठेरिया समेत कई वरिष्ठ नेता और अधिकारी उपस्थित रहे।

Also Read: सहारनपुर व्यापार मेले में भीषण आग, 24 दुकानें जलकर खाक

Related Articles

Back to top button