प्रदेश भर में भाजपा की तिरंगा यात्रा का आगाज़, सीएम योगी ने दिखाई हरी झंडी, 23 मई तक चलेगा कार्यक्रम

Lucknow Focus News Desk: ऑपरेशन सिंदूर की सफलता के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी ने प्रदेशभर में तिरंगा शौर्य यात्रा आयोजित करने का ऐलान किया है। इस अभियान की शुरुआत बुधवार को हुई, जब मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने कालीदास मार्ग स्थित आवास से यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह यात्रा 1090 चौराहे तक जाएगी और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से 23 मई तक चरणबद्ध तरीके से निकाली जाएगी।
इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य, बृजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, और प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह भी मौजूद रहे। यह आयोजन आतंकियों के खिलाफ सफल अभियान ऑपरेशन सिंदूर को श्रद्धांजलि देने और राष्ट्रीय एकता व सम्मान का संदेश देने के उद्देश्य से किया जा रहा है।
15 मई को महानगरों में भी निकलेगी यात्रा
मुख्यमंत्री द्वारा राज्यस्तरीय शुभारंभ के बाद, भाजपा आगामी 15 मई को प्रदेश के प्रमुख महानगरों में तिरंगा यात्रा आयोजित करेगी। पार्टी के अनुसार, यह यात्रा देशभक्ति, शौर्य और सुरक्षा बलों के सम्मान को समर्पित होगी।
तिरंगा यात्रा को लेकर ट्रैफिक डायवर्जन लागू
तिरंगा शौर्य यात्रा के चलते राजधानी लखनऊ में यातायात पुलिस ने बुधवार सुबह 6 बजे से यात्रा की समाप्ति तक कई मार्गों पर यातायात प्रतिबंध और डायवर्जन प्लान लागू किया है। नागरिकों से अपील की गई है कि वे वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें।
डायवर्जन प्लान लागू
- डिगडिगा, ताज अंडरपास से आने वाले वाहन समतामूलक चौराहे से 1090 नहीं जा सकेंगे। ये वाहन बैराज रोड, पीएनटी बालू अड्डा, डालीगंज, सिकंदरबाग होकर निकलेंगे।
- पीएनटी बालू अड्डा से आने वाले वाहन 1090 चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे।
- डालीगंज से जियामऊ मोड़ की ओर आम यातायात प्रतिबंधित रहेगा।
- एसएन ब्रिज, कटाईपुल से आने वाला ट्रैफिक गोल्फ क्लब चौराहे की ओर नहीं जा सकेगा।
- लालबत्ती चौराहे से गोल्फ क्लब की ओर यातायात बंद रहेगा।
- हजरतगंज चौराहे से पार्क रोड होकर जाने वाला ट्रैफिक भी डायवर्ट किया गया है।
- गोमतीनगर से उद्यान चौराहा होकर 1090 चौराहा की ओर जाने वाले वाहनों पर प्रतिबंध रहेगा।
- डीएसओ की ओर से बंदरियाबाग से गोल्फ क्लब की ओर सामान्य ट्रैफिक नहीं जा सकेगा।
- बंदरियाबाग से 1090 चौराहा तक का मार्ग पूरी तरह बंद रहेगा।
सार्वजनिक अपील
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे रूट प्लान को ध्यान में रखते हुए अपने सफर की योजना बनाएं और अनावश्यक असुविधा से बचें। साथ ही, आयोजन के दौरान संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।




