PM मोदी के जन्मदिन पर यूपी में ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान की शुरुआत, CM योगी ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए किया बड़ा ऐलान

Lucknow Focus News Desk: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने 75वें जन्मदिन पर मध्य प्रदेश के धार से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान’ और आठवें राष्ट्रीय पोषण माह की शुरुआत की। इस ऐतिहासिक अवसर पर, लखनऊ में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इन अभियानों की शुरुआत की। सीएम योगी ने इस मौके पर आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बड़ा तोहफा देते हुए उनके मानदेय में बढ़ोतरी करने और स्मार्टफोन देने का ऐलान किया।
प्रधानमंत्री मोदी ने अपने संबोधन में कहा कि माताओं, बहनों और बेटियों का स्वास्थ्य उनकी सरकार की पहली प्राथमिकता है। उन्होंने लोगों से इन स्वास्थ्य शिविरों में मुफ्त जांच कराने की अपील की। उन्होंने ‘विकसित भारत’ के चार स्तंभों में नारी शक्ति को सबसे महत्वपूर्ण बताया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि यह हमारे लिए सौभाग्य की बात है कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन विश्वकर्मा जयंती के साथ पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पीएम का संदेश हमें प्रेरित करता है और हम इसे लागू करने के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं।
यूपी में 20 हज़ार से ज़्यादा स्वास्थ्य शिविर
सीएम योगी ने बताया कि ‘स्वस्थ नारी सशक्त परिवार’ अभियान के तहत उत्तर प्रदेश के सभी 75 जिलों में 20,324 स्वास्थ्य शिविर लगाए जा रहे हैं। इन शिविरों में महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जहां रक्त, ब्लड प्रेशर, डायबिटीज, एनीमिया और विभिन्न प्रकार के कैंसर की मुफ्त जांच की जाएगी। उन्होंने बताया कि इस दौरान 507 रक्तदान शिविर भी आयोजित किए जाएंगे।
सीएम योगी ने स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों की सराहना करते हुए कहा कि यह 15 दिनों का अभियान न केवल जांच, बल्कि मुफ्त इलाज का माध्यम भी बनेगा।
नारी सशक्तिकरण की दिशा में मजबूत कदम
सीएम योगी ने नारी सशक्तिकरण के लिए उठाए गए कदमों का भी जिक्र किया, जैसे बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ, मातृ वंदना, और कन्या सुमंगला योजना। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के नेतृत्व में ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ जैसे कदम उठाए गए हैं, जिसका नया भारत स्वागत कर रहा है। उन्होंने बताया कि यूपी सरकार ने 1.89 लाख आंगनबाड़ी केंद्रों और 10 लाख महिला स्वयं-सहायता समूहों के माध्यम से 1 करोड़ महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाया है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में यूपी में आया क्रांतिकारी बदलाव
सीएम योगी ने दावा किया कि पिछले आठ वर्षों में यूपी के स्वास्थ्य क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव आया है। उन्होंने 41 नए मेडिकल कॉलेजों के निर्माण का जिक्र किया और कहा कि शिशु मृत्यु दर 45 से घटकर 37 पर आ गई है। उन्होंने बताया कि 40 साल से बच्चों की जान लेने वाली इंसेफेलाइटिस बीमारी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब नीयत साफ और नीति स्पष्ट होती है, तो परिणाम जरूर मिलते हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह अभियान मातृ-शिशु स्वास्थ्य और नारी शक्ति को नई ऊँचाइयों पर ले जाएगा और यूपी इस दिशा में एक अग्रणी राज्य बनेगा।




