उत्तर प्रदेश

सीएम योगी की उपद्रवियों को दो-टूक चेतावनी, त्योहारों पर माहौल बिगाड़ने वालों की संपत्ति होगी जब्त

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी पर्व-त्योहारों के मद्देनजर कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपद्रवी और असामाजिक तत्वों के खिलाफ बेहद सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी है कि प्रदेश में शांति और सौहार्द बिगाड़ने की किसी भी कोशिश को सरकार कड़ी कार्रवाई के साथ कुचल देगी।

‘दशहरा बुराई का दहन है, उपद्रवियों पर तत्काल हो कार्रवाई’

शुक्रवार देर रात वरिष्ठ अधिकारियों के साथ कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा, “दशहरा बुराई और आतंक के दहन का पर्व है। उपद्रवियों पर ऐसी कार्रवाई हो कि वे दोबारा कभी इस गलती की सोच भी न सकें। कार्रवाई के लिए किसी और समय का इंतज़ार न करें, यही समय है, सही समय है।”

हाल की घटनाओं पर नाराजगी:

कानपुर नगर, वाराणसी, मुरादाबाद, बदायूं, महराजगंज, उन्नाव, संभल, आगरा और बरेली में हाल ही में आपत्तिजनक जुलूस और भड़काऊ नारेबाजी की घटनाओं पर मुख्यमंत्री ने कड़ी नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने इन घटनाओं को प्रदेश का माहौल खराब करने की सुनियोजित साजिश करार दिया, जिसे कतई स्वीकार नहीं किया जाएगा।

उपद्रवियों के खिलाफ सख्त निर्देश

ऐसे उपद्रवियों के खिलाफ तत्काल एफआईआर दर्ज की जाए।

आयोजकों और मास्टरमाइंड की पहचान कर उनकी संपत्ति तक की जांच हो।

सोशल मीडिया और वीडियो फुटेज की कड़ी निगरानी की जाए ताकि जुलूसों में शामिल एक भी उपद्रवी बचने न पाए।

मिशन शक्ति और महिला सुरक्षा पर फोकस

मुख्यमंत्री ने शारदीय नवरात्र से शुरू हुए मिशन शक्ति 5.0 की प्रगति पर संतोष जताया। उन्होंने महिला सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए निम्नलिखित निर्देश दिए।

गरबा-डांडिया जैसे आयोजनों में बहरूपिये अराजक तत्वों की घुसपैठ को रोकने के सख्त निर्देश दिए।

महिला अपराधों (जैसे छेड़खानी, चेन स्नेचिंग या एसिड अटैक) में त्वरित कार्रवाई और प्रभावी पैरवी सुनिश्चित करने पर बल दिया।

ऐसी घटनाओं के मामले में न केवल थाने और चौकी की जवाबदेही तय होगी, बल्कि पीआरवी (पुलिस रिस्पॉन्स व्हीकल) की भूमिका भी जांची जाएगी। दशहरे के बाद जोनल एडीजी इसकी थानावार समीक्षा करेंगे।

अफवाह फैलाने वालों और जातीय संघर्ष पर सख्ती

सिद्धार्थनगर, महराजगंज, बस्ती और प्रयागराज जैसे जिलों में ड्रोन के जरिए रेकी व चोरी की अफवाहों पर मुख्यमंत्री ने कड़ा एतराज जताया। उन्होंने निर्देश दिए कि अफवाह फैलाने वालों को गिरफ्तार किया जाए और पुलिस लगातार गश्त करे। जाति के नाम पर वैमनस्य फैलाने की कोशिशों को पूरी तरह खत्म करने और शासन के स्पष्ट आदेशों का पालन कराने के लिए सख्ती के निर्देश दिए गए। भ्रामक सूचनाओं की रोकथाम के लिए कड़ी मॉनीटरिंग जारी रहेगी।

त्योहारों की व्यवस्था और अन्य निर्देश

प्रतिमाएं निर्धारित सुरक्षित सीमा से ऊंची न हों। नदियों में जलस्तर अधिक होने के कारण विसर्जन की वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए और पूजा समितियों से संवाद स्थापित किया जाए।

पुलिस कप्तान औचक निरीक्षण कर सुनिश्चित करें कि गो-तस्करी पर कठोर कार्रवाई हो और बूचड़खाने मानक के अनुरूप ही संचालित हों। ग्रेटर नोएडा में चल रहे उत्तर प्रदेश इंटरनेशनल ट्रेड शो में सुरक्षा और यातायात प्रबंधन को पुख्ता रखने का निर्देश दिया गया, ताकि सप्ताहांत में संभावित भारी भीड़ के बावजूद यातायात जाम न हो। सभी जिलाधिकारियों और पुलिस कप्तानों को निर्देश दिया गया कि प्रभारी मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और वरिष्ठ जनों से बने कोर ग्रुप के निर्देशों को शीर्ष प्राथमिकता दी जाए।

Related Articles

Back to top button