सराहनीय: केरल में मुस्लिम विधायक ने किया मंदिर का उद्घाटन, कहा- यह जिंदगी का अनमोल पल

कोझिकोड। केरल के मलप्पुरम में इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक ने एक मंदिर का उद्घाटन कर सांप्रदायिक सौहार्द्र की अप्रतिम मिसाल कायम की है। इस अवसर पर फेसबुक पर किये गए अपने पोस्ट में विधायक नजीब कांथापुरम ने कहा कि वे इस पल को ताजिंदगी याद रखेंगे, यह मेरे जीवन का एक अनमोल क्षण था।
आईयूएमएल विधायक हैं नजीब कांथापुरम
इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (आईयूएमएल) के विधायक नजीब कांथापुरम द्धारा मंगलवार को मलप्पुरम स्थित पेरिंथलमन्ना के पास मनालय में पुनर्निर्मित अयप्पा मंदिर का उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर मुस्लिम विधायक ने फेसबुक पोस्ट में लिखा कि मंदिर समिति ने राज्य को धर्मनिरपेक्षता और भाईचारे का एक सुंदर संदेश दिया है। इसके साथ ही उल्लेखनीय यह भी है कि मंदिर के पुनरुत्थान और मंदिर के जीर्णाेद्धार को लेकर पंचायत सदस्य मजीद मास्टर और अब्दुल अजीज ने भी काफी सराहनीय भूमिका निभायी है। अयप्पा मंदिर के ट्रस्टी शशिधरन एम ने कहा कि मंदिर के लिए विधायक नजीब कंथापुरम ने हमेशा से ही हम लोगों की मदद करते आ रहे हैं, इसी लिए हमने उनको मंदिर के उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया।



