भारत जोड़ो यात्रा: धक्का-मुक्की के चलते सड़क पर गिरे दिग्गी, एमपी की सड़कों को लेकर भिड़ी कांग्रेस व भाजपा

यात्रा के दौरान अब तक चार बार जमीन पर गिर चुके हैं दिग्विजय सिंह, मध्यप्रदेश में वह पहली बार गिर
मनिहार (मध्यप्रदेश)। कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान पार्टी के वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह शनिवार को भीड़ के बीच जमीन पर गिर पड़े। हालांकि, कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें सहारा देकर फौरन उठा लिया। इस घटना के बाद कांग्रेस ने भाजपा पर निशाना साधते हुए इसके लिए खराब सड़कों को जिम्मेदार ठहराया। जबकि भाजपा ने कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुशासन पर सवाल उठाते हुए कहा है कि कांग्रेस कार्यकर्ताओं की कथित धक्का-मुक्की के चलते सिंह जैसे वरिष्ठ नेता भारत जोड़ो यात्रा के दौरान जमीन पर गिर रहे हैं। हालांकि कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने कहा, दिग्विजय सिंह भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अब तक चार बार जमीन पर गिर चुके हैं। मध्यप्रदेश में वह पहली बार गिरे हैं और इसका कारण राज्य की खराब सड़कें भी हैं।
वॉशिंगटन डीसी की सड़कों से बेहतर नहीं हैं मध्यप्रदेश की सड़कें, हत्यारी सड़कें है
बताया जाता है कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ से घिरे सिंह उस वक्त जमीन पर गिर पड़े, जब वह चाय काल के दौरान बड़वाह के पास सड़क किनारे के एक रेस्तरां में जा रहे थे। घटना के बारे में पूछे जाने पर कांग्रेस के मीडिया विभाग के प्रभारी जयराम रमेश ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के एक पुराने बयान का हवाला दिया जिसमें चौहान ने कहा था कि मध्यप्रदेश की सड़कें अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी की सड़कों से बेहतर हैं। रमेश ने कहा, मध्यप्रदेश की सड़कें वॉशिंगटन डीसी से बेहतर नहीं, बल्कि हत्यारी सड़कें हैं। खराब सड़कों के कारण मैं राज्य में खुद तीन बार गिरते-गिरते बचा हूँ। उधर, भाजपा नेता नरेंद्र सलूजा ने दिग्विजय सिंह के जमीन पर गिरने का वीडियो ट्वीट करते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं के अनुशासन पर सवाल भी उठाएं हैं।
फोटो साभार: सोशल मीडिया