भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला: यूपी के ओडीओपी के स्टॉल पर उमड़ रही भीड़

गोरखपुर का टेराकोटा, आगरा का मार्बल इनले, लखनऊ की चिकनकारी के स्टॉल पर सबसे ज्यादा भीड़
नई दिल्ली/लखनऊ। राष्ट्रीय राजधानी के प्रगति मैदान में 14 से 27 नवंबर के बीच चल रहे 4वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेला 2022 में यूपी के प्रमुख उत्पादों (ओडीओपी) के स्टॉल पर लोगों की भीड़ उमड़ रही है। इन स्टॉलों पर वाराणसी की गुलाबी मीनाकारी से लेकर गोरखपुर का टेराकोटा, आगरा का मार्बल इनले, लखनऊ की चिकनकारी, कन्नौज का इत्र, कानपुर के लेदर उत्पादों को यूपी गैलरी में प्रदर्शित किया जा रहा है, जो लोगों के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।
प्रदेश के मुख्य सचिव ने किया था यूपी गैलरी का शुभारंभ
यूपी की योगी सरकार भी एक जिला, एक उत्पाद के जरिए जिलों के उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मिशन मोड में काम कर रही है। गौरतलब है कि प्रदेश के मुख्य सचिव डीएस मिश्रा ने यूपी गैलरी का शुभारंभ किया था, जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी मेले में आकर यूपी के उत्पादों की सराहना की थी।
यूपी सरकार का अपने प्रमुख उत्पादों की वैश्विक स्तर पर मार्केटिंग का प्रयास
प्रदेश सरकार इस अवसर का लाभ उठाते हुए अपने प्रमुख उत्पादों की वैश्विक स्तर पर मार्केटिंग का प्रयास कर रही है। प्रदेश द्वारा इस मेले में एमएसएमई उद्योगों, निर्यातकों, हस्तशिल्पियों एवं ओडीओपी उद्यमियों के उत्कृष्ट उत्पादों का प्रदर्शन किया जा रहा है। देश ही नहीं दुनिया भर के मेहमानों ने भी इन उत्पादों में अपनी रुचि दिखाई है। इन उत्पादों को व्यक्तिगत तौर पर या वर्चुअल खरीद जा सकता है। इसके लिए सोशल मीडिया पर भी प्रचार किया जा रहा है।




