‘दिल्ली मास्टर प्लान-2047’ का अनावरण: 40 लाख नए घर, मेट्रो का 695 किमी तक विस्तार और नरेला में बनेगा बड़ा एजुकेशन हब

Lucknow Focus News Desk: देश की राजधानी दिल्ली के बुनियादी ढांचे और शहरी विकास को भविष्य के अनुकूल बनाने के लिए केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर ने ‘दिल्ली मास्टर प्लान-2047’ (MPD-2047) का अनावरण किया। इस कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल (LG) तरनजीत सिंह संधू और मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता समेत कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। इस योजना का मुख्य उद्देश्य दिल्ली को एक आधुनिक, सुविधाजनक और विश्वस्तरीय कनेक्टिविटी वाला शहर बनाना है।
लाखों नए घर और पुराने फ्लैटों का री-डेवलपमेंट
बढ़ती आबादी और आवास की मांग को देखते हुए मास्टर प्लान के तहत दिल्ली में 30 से 40 लाख नए फ्लैट्स का निर्माण किया जाएगा, जिनमें बड़ा हिस्सा किफायती घरों का होगा। इसके साथ ही, 50 साल से अधिक पुराने और जर्जर हो चुके आवासीय भवनों का पुनर्विकास (Redevelopment) कर वहां आधुनिक सुविधाएं, चौड़ी सड़कें और बेहतर पार्किंग व्यवस्था विकसित की जाएगी।
मेट्रो व RRTS का बड़ा विस्तार
दिल्ली की परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने के लिए मेट्रो नेटवर्क को मौजूदा 416 किमी से बढ़ाकर 695 किलोमीटर करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, दिल्ली को एनसीआर के अन्य शहरों से जोड़ने के लिए 6 नई आरआरटीएस (RRTS) लाइनों पर सहमति बनी है। कश्मीरी गेट, आनंद विहार और सराय काले खां जैसे प्रमुख केंद्रों को एकीकृत ‘ट्रांजिट हब’ के रूप में विकसित किया जाएगा।
नरेला में एजुकेशन हब और लॉजिस्टिक्स कॉरिडोर
दिल्ली को रिसर्च और इनोवेशन का केंद्र बनाने के लिए नरेला में 138 हेक्टेयर क्षेत्र में विशाल एजुकेशन हब स्थापित होगा, जहां यूनिवर्सिटीज, स्किल सेंटर और स्टार्टअप्स के लिए जगह होगी। इसके अलावा, लॉजिस्टिक्स और सप्लाई चेन को मजबूत करने के लिए हाईवे व रेलवे से कनेक्टेड आधुनिक औद्योगिक और वेयरहाउसिंग पार्क बनाए जाएंगे।




