उत्तर प्रदेश

डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा ऐलान: बाढ़ पीड़ितों को मिलेगा ‘मुख्यमंत्री आवास’

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में बाढ़ और भारी बारिश से जिन लोगों के घर क्षतिग्रस्त हुए हैं, उनके लिए एक बड़ी खबर है। उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने निर्देश दिए हैं कि ऐसे सभी प्रभावित लोगों को मुख्यमंत्री आवास योजना के तहत घर दिए जाएंगे।

इस योजना का लाभ उन जरूरतमंदों को मिलेगा, जो किसी कारण से प्रधानमंत्री ग्रामीण आवास योजना का फायदा नहीं उठा पाए हैं। ग्राम्य विकास आयुक्त जीएस प्रियदर्शी ने सभी जिलों के मुख्य विकास अधिकारियों (CDOs) को इस पर तुरंत कार्रवाई करने को कहा है।

6 लाख से ज्यादा लोगों तक पहुंची राहत

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर राज्य के तमाम मंत्री बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा कर रहे हैं। राहत आयुक्त भानु चंद्र गोस्वामी ने बताया कि फिलहाल प्रदेश के 36 जिलों की 92 तहसीलें और 1877 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। अब तक 6 लाख 42 हजार से ज्यादा लोगों को राहत पहुंचाई जा चुकी है।

इसके साथ ही, 84,700 मवेशियों को भी सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। बाढ़ की चपेट में आने से अब तक 573 मकानों को नुकसान पहुंचा है, जिनमें से 465 परिवारों को सहायता राशि भी दी जा चुकी है।

बाढ़ प्रभावित इलाकों में राहत कार्य तेजी से चल रहा है। 2,610 नावों और मोटरबोट की मदद से अब तक 67,169 खाद्यान्न पैकेट और लगभग 8 लाख लंच पैकेट बांटे जा चुके हैं।

यह राहत कार्य अयोध्या, बहराइच, बाराबंकी, बस्ती, कासगंज, हरदोई, मुरादाबाद, मुजफ्फरनगर, शाहजहांपुर, भदोही, श्रावस्ती, उन्नाव, फर्रुखाबाद, मेरठ, हापुड़, गोरखपुर, गोंडा, बिजनौर, बदायूं, कानपुर नगर, लखीमपुर खीरी, आगरा, औरैया, चित्रकूट, बलिया, बांदा, गाजीपुर, मिर्जापुर, प्रयागराज, वाराणसी, चंदौली, जालौन, कानपुर देहात, हमीरपुर, इटावा और फतेहपुर जैसे जिलों में चलाया जा रहा है।

Also Read: बाराबंकी में दर्दनाक सड़क हादसा, बस पर पेड़ गिरने से 5 लोगों की मौत

Related Articles

Back to top button