सियासी चाल: ममता व सुवेंदु की चाय पर चर्चा से बंगाल की राजनीति में मची हलचल

कोलकाता। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी चाय पर चर्चा ने बंगाल की राजनीति में हलचल मचा दिया है। दोनों के बीच लगभग 5 मिनट तक चाय पर चर्चा हुई, लेकिन दोनों के बीच आखिर क्या बात हुई अभी ये साफ नहीं हो पाया है। इधर, सुवेंदु अधिकारी ने इसे शिष्टाचार मुलाकात कहा है। बहरहाल बंगाल विधानसभा सत्र के दौरान हुई मुख्यमंत्री और विपक्ष के नेता की इस मुलाकात को राजनीतिक के जानकार बेहद महत्वपूर्ण मान रहे हैं।
विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान दिखा अविश्वसनीय नजारा
संविधान दिवस के मौके पर शुक्रवार को दो राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी माने जाने वाले विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष सुवेंदु अधिकारी और मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच बैठक का बंगाल विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान अविश्वसनीय नजारा देखने को मिला। मुख्यमंत्री के बुलावे पर पहली बार विधानसभा में सीएम के चेंबर में सुवेंदु अपने साथ तीन अन्य भाजपा विधायकों अग्निमित्रा पाल, मनोज टिग्गा और अशोक लाहिरी के साथ गये। ममता ने विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी को अचानक चाय पर बुलाया था।
ममता और सुवेंदु के बीच लगभग पांच मिनट तक हुई बातचीत
बताया जा रहा है कि इस दौरान ममता व सुवेंदु के बीच लगभग पांच मिनट तक बातचीत हुई। बैठक के बाद बाहर निकलने पर पत्रकारों के सवाल पर सुवेंदु ने कहा कि यह शिष्टाचार मुलाकात थी। सुवेंदु ने विधानसभा चुनाव से पहले मंत्री पद से इस्तीफा देकर भाजपा का दामन थाम लिया था। इसके बाद विधानसभा चुनाव में नंदीग्राम सीट पर ममता और सुवेंदु के बीच मुकाबला हुआ था, उस चुनाव में ममता पराजित हुई थी। इसके बाद दोनों के बीच कटुता और बढ़ गई और दोनों एक दूसरे के खिलाफ लगातार तीखी बयानबाजी करते रहे हैं। पिछले विधानसभा चुनाव के बाद यह पहली बार है जब भाजपा नेता सुवेंदु अधिकारी व तृणमूल कांग्रेस सुप्रीमो एवं मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के बीच इस तरह की मुलाकात हुई है।




