इन्फोटेनमेन्ट

शक्तिमान फिल्म को लेकर चर्चाएं जारी, डायरेक्टर बोले- रणवीर सिंह के बिना नहीं बन सकती ये फिल्म

Lucknow Focus News Desk: 90 के दशक का चर्चित सुपरहीरो शो ‘शक्तिमान’ एक बार फिर सुर्खियों में है। लंबे समय से इस किरदार पर फिल्म बनने की चर्चा है, लेकिन सवाल अब भी बना हुआ है आखिर शक्तिमान का रोल कौन निभाएगा?

अब तक रणवीर सिंह और अल्लू अर्जुन जैसे बड़े नाम इस रोल से जुड़े रहे हैं। लेकिन अब इस बहस को नया मोड़ देते हुए फिल्म के डायरेक्टर बेसिल जोसेफ ने हाल ही में कहा है कि “रणवीर सिंह के बिना ये फिल्म बन ही नहीं सकती।”

90 के दशक का सुपरहीरो अब बड़े पर्दे पर?

‘शक्तिमान’ सिर्फ एक टीवी शो नहीं, बल्कि उस दौर की पीढ़ी के लिए एक आइकॉनिक सुपरहीरो था। इसे निभाने वाले मुकेश खन्ना ने इस किरदार से अपनी पहचान बनाई और आज भी वो इसके ज़िक्र में भावुक हो जाते हैं।

शो की लोकप्रियता को देखते हुए 2022 में इसकी फिल्म की घोषणा भी की गई थी। टीज़र भी रिलीज हुआ, लेकिन इसके बाद से शूटिंग को लेकर कोई खास अपडेट सामने नहीं आया। तीन साल बीत चुके हैं और अब भी यह प्रोजेक्ट एक उम्मीद भर बना हुआ है।

रणवीर बनेंगे शक्तिमान या अल्लू अर्जुन?

फिल्म को लेकर लगातार ये चर्चा बनी हुई है कि क्या रणवीर सिंह शक्तिमान के किरदार में फिट बैठेंगे? खुद मुकेश खन्ना पहले कह चुके हैं कि रणवीर इस रोल के लिए उपयुक्त नहीं हैं, बल्कि अल्लू अर्जुन में उन्हें शक्तिमान बनने की काबिलियत नज़र आती है। हालांकि, अब डायरेक्टर बेसिल जोसेफ की राय सामने आने के बाद तस्वीर थोड़ी साफ होती दिख रही है।

मुकेश खन्ना का संघर्ष और शक्तिमान की सफलता की कहानी

कम ही लोग जानते हैं कि शक्तिमान बनाने के पीछे मुकेश खन्ना का जुनून और आर्थिक संघर्ष भी छिपा था। उन्होंने एक इंटरव्यू में बताया कि जब शो बनाना शुरू किया, तब उनके पास पैसे नहीं थे। एक दोस्त से 8 लाख रुपये उधार लेकर शुरुआत की और उसे 50% का पार्टनर बना लिया।

बाद में मुकेश खन्ना ने अंबु मुरारका से ₹75 लाख उधार लेकर शो को आगे बढ़ाया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, उन्हें शुरू में हर एपिसोड के ₹7.80 लाख मिलते थे, और जब शो 104 एपिसोड तक पहुंचा तो फीस ₹10 लाख कर दी गई थी। यहां तक कि एक वक्त पर मेकर्स उन्हें ₹16 लाख प्रति एपिसोड देना चाहते थे। लेकिन 2005 में बजट और फंडिंग की कमी के कारण यह शो बंद कर दिया गया।

अब सबकी निगाहें फिल्म पर

अब जबकि शक्तिमान फिल्म की चर्चा दोबारा ज़ोर पकड़ रही है, फैंस उम्मीद कर रहे हैं कि जल्द ही इसका निर्माण शुरू हो और वे अपने बचपन के सुपरहीरो को सिल्वर स्क्रीन पर देख सकें।

Also Read: बिपाशा बसु और करण सिंह ग्रोवर का वीडियो वायरल, लुक्स को लेकर फिर हुईं ट्रोलिंग का शिकार

Related Articles

Back to top button