यूपी में ‘मोंथा’ चक्रवात का असर: लखनऊ समेत कई जिलों में बारिश, 5 डिग्री तक गिरेगा पारा

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में अक्टूबर का आखिरी हफ्ता चक्रवाती तूफान ‘मोंथा’ के कारण बड़े मौसमी उतार-चढ़ाव वाला साबित हो रहा है। बंगाल की खाड़ी में बने वेदर सिस्टम और अरब सागर से आ रही नमी के चलते बादलों की सक्रियता बढ़ी है, जिसके असर से राजधानी लखनऊ सहित कई जिलों में सोमवार देर रात से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की बड़ी गिरावट आने की चेतावनी जारी की है।
सोमवार को प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही और पारे में गिरावट देखी गई। बुंदेलखंड के झांसी और ललितपुर जैसे जिलों में बूंदाबांदी हुई। सोमवार शाम तक बांदा में सर्वाधिक 14.6 मिमी और ललितपुर में 10 मिमी बारिश दर्ज की गई।
अचानक बदले मौसम को देखते हुए किसानों ने अपनी धान की कटाई जोर-शोर से शुरू कर दी है। उन्हें डर है कि खेत में तैयार खड़ी धान की फसल पर पानी पड़ने से उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
तापमान में उतार-चढ़ाव का पूर्वानुमान
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि अधिकतम तापमान में यह गिरावट केवल दो दिनों तक ही बनी रहेगी। दो दिन बाद मौसम फिर से सामान्य होने लगेगा, जिसके कारण तापमान वापस से बढ़ना शुरू हो जाएगा। यानी, यह मौसमी बदलाव अल्पकालिक रहने की संभावना है।




