हर खिलाड़ी समाज का हीरो है: सीएम योगी

Lucknow Fcous News Desk: लखनऊ में राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि हर खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा और हर नागरिक के लिए हीरो होता है। उन्होंने कहा कि खेल जीवन में अनुशासन, लक्ष्य, समर्पण और समन्वय की भावना विकसित करते हैं।
सीएम योगी ने पद्मश्री मोहम्मद शाहिद स्टेडियम में राष्ट्रीय पदक विजेताओं को प्रोत्साहन राशि वितरित की और नौ सहायक खेल प्रशिक्षकों को नियुक्ति पत्र सौंपे। इसके साथ ही पूर्व ओलंपियन और अर्जुन पुरस्कार विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित भी किया।
मुख्यमंत्री ने हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद को नमन करते हुए कहा कि उन्होंने भारत को तीन ओलंपिक में स्वर्ण पदक दिलाकर देश को विश्व स्तर पर पहचान दिलाई। उन्होंने बताया कि मेरठ स्थित प्रदेश की पहली मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में इस सत्र से पाठ्यक्रम शुरू हो चुका है।
हर जिले में विकसित किए जा रहे मिनी स्टेडियम
सीएम ने कहा कि प्रदेश के हर मंडल में स्पोर्ट्स कॉलेज स्थापित किए जा रहे हैं और पूर्व ओलंपियन खिलाड़ियों को कोच बनाकर नई प्रतिभाओं को तराशने का काम किया जाएगा। साथ ही हर ग्राम पंचायत में खेल का मैदान, हर विकासखंड पर मिनी स्टेडियम और हर जिले में स्टेडियम विकसित किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के दौरान सीएम योगी ने स्पोर्ट्स हॉस्टल और स्पोर्ट्स कॉलेज के बीच हुए मैत्री हॉकी मैच का आनंद लिया और स्टेट हॉकी प्रतियोगिता का शुभारंभ भी किया। उन्होंने खिलाड़ियों को फिटनेस और खेल गतिविधियों में सक्रिय रहने की शपथ दिलाई।
इस मौके पर उन्होंने विभिन्न जिलों में खेल सुविधाओं और स्टेडियमों के जीर्णोद्धार कार्यों का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव समेत कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे।




