मशहूर कॉमेडियन राजू तालिकोटे का शूटिंग के दौरान हार्ट अटैक से निधन, इंडस्ट्री में शोक की लहर

Lucknow Focus News Desk: कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लिए सोमवार (13 अक्टूबर) का दिन बेहद दुखद रहा। मशहूर कन्नड़ अभिनेता और कॉमेडियन राजू तालिकोटे का 62 वर्ष की आयु में निधन हो गया। बताया जा रहा है कि उडुपी जिले में एक फिल्म की शूटिंग के दौरान उन्हें तीसरी बार दिल का दौरा पड़ा, जो जानलेवा साबित हुआ।
शूटिंग सेट पर बिगड़ी तबीयत
राजू तालिकोटे, जो पिछले दो दिनों से लगातार शूटिंग कर रहे थे, सुपरस्टार शाइन शेट्टी के साथ अपनी फिल्म के एक सीन को पूरा करने के बाद अचानक अस्वस्थ हो गए। उन्हें तुरंत पास के अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के अनुसार, उन्हें पहले भी दो बार हार्ट अटैक आ चुका था।
राजू तालिकोटे ने अपने दो दशक से अधिक लंबे करियर में 20 से अधिक फिल्मों में काम किया और विशेष रूप से अपने शानदार हास्य अभिनय और सपोर्टिंग/कॉमिक रोल्स के लिए जाने जाते थे। उन्होंने ‘केजीएफ’ स्टार यश के साथ फिल्म ‘राजधानी’ में भी अभिनय किया था।
इंडस्ट्री और राजनीतिक जगत ने जताया दुख
राजू तालिकोटे के अचानक निधन से कन्नड़ फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। जनता दल सेक्युलर (JDS) पार्टी ने उनके निधन की पुष्टि करते हुए आधिकारिक X (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर शोक व्यक्त किया। पार्टी ने लिखा कि रंगमंच और सिनेमा की दुनिया ने एक चमकता सितारा खो दिया है। उनका जाना कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। उनकी चर्चित फिल्मों में पंजाबी हाउस, जैकी, सुग्रीवा, राजधानी, अलमारी, टोपीवाला और वीरा शामिल हैं। राजू तालिकोटे को उनके काम, शानदार हास्य अभिनय और विनम्र स्वभाव के लिए हमेशा याद किया जाएगा।




