लखनऊ

Mathura: सिटी मजिस्ट्रेट पर दुर्व्यवहार का आरोप, फेडरेशन ने सीएम योगी को भेजा पत्र

उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग में कार्यरत प्रान्तीय अध्यक्ष एवं प्रधान सहायक गोपाल प्रसाद के साथ मथुरा के सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार द्वारा की गई कथित अभद्रता और मारपीट को लेकर कर्मचारियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। इस गंभीर प्रकरण को लेकर उत्तर प्रदेश फेडरेशन ऑफ मिनिस्टीरियल सर्विस एसोसिएशन के प्रांतीय महामंत्री मंसूर अली द्वारा माननीय मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर सख्त कार्यवाही की मांग की गई है।

सिटी मजिस्ट्रेट राकेश कुमार पर आरोप है कि उन्होंने कार्यालय में घुसकर गोपाल प्रसाद के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए मारपीट की। इस पूरी घटना का सीसीटीवी फुटेज कार्यालय एवं संगठन के पास मौजूद है, जो घटना की सत्यता की पुष्टि करता है।

फेडरेशन के महामंत्री मंसूर अली ने पत्र में लिखा है कि राकेश कुमार का यह व्यवहार न केवल लोकतांत्रिक और प्रशासनिक मूल्यों के खिलाफ है, बल्कि इससे पूरे प्रदेश के कर्मचारियों की गरिमा को ठेस पहुँची है। संगठन ने इसे व्यक्तिगत नहीं, बल्कि संपूर्ण कर्मचारी वर्ग का अपमान बताया है।

प्रमुख माँगें निम्नलिखित हैं:

  1. न्यायिक अधिकारी की अध्यक्षता में निष्पक्ष जांच समिति गठित की जाए, जिसमें पीड़ित पक्ष की बात को प्राथमिकता से सुना जाए।
  2. सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर दोषी अधिकारी के विरुद्ध अनुशासनात्मक कार्यवाही की जाए।
  3. भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं से बचाव हेतु कार्यालय परिसरों में सुरक्षा प्रोटोकॉल एवं दिशानिर्देश लागू किए जाएं।
  4. गोपाल प्रसाद को मानसिक एवं प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाए ताकि वे भयमुक्त वातावरण में कार्य कर सकें।

फेडरेशन के अध्यक्ष संदीप पांडे और महामंत्री मंसूर अली ने संयुक्त रूप से चेतावनी दी है कि यदि उक्त प्रकरण में उचित कार्रवाई नहीं की गई तो संगठन को आंदोलन करने के लिए विवश होना पड़ेगा। उन्होंने बताया कि इस विषय में मुख्यमंत्री पोर्टल पर भी शिकायत दर्ज कराई गई है। संगठन ने सरकार से आग्रह किया है कि इस गंभीर मुद्दे को तत्काल संज्ञान में लेते हुए न्यायसंगत एवं पारदर्शी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए, जिससे कर्मचारियों में विश्वास एवं सुरक्षा की भावना बनी रहे।

Also Read: यूपी में सीएनजी और घरेलू पीएनजी गैस महंगी, आज से नई दरें हुईं लागू

Related Articles

Back to top button