कथित DJB घोटाले में AAP नेता सत्येंद्र जैन समेत 5 आरोपी न्यायिक हिरासत में, 25 अगस्त को जमानत अर्जी पर होगी सुनवाई

Lucknow Focus News Desk: कथित दिल्ली जल बोर्ड (DJB) सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट (STP) घोटाला मामले में दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट ने बड़ा फैसला सुनाते हुए आम आदमी पार्टी (AAP) के वरिष्ठ नेता व पूर्व जल मंत्री सत्येंद्र जैन समेत 5 आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। इसके साथ ही अदालत ने सत्येंद्र जैन की उस याचिका को खारिज कर दिया, जिसमें उन्होंने एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) द्वारा अपनी गिरफ्तारी को अवैध ठहराया था।
25 अगस्त को होगी जमानत याचिका पर सुनवाई
अदालत ने सत्येंद्र जैन और अन्य आरोपियों की जमानत याचिका पर नोटिस जारी करते हुए मामले की अगली सुनवाई 25 अगस्त के लिए तय की है। वहीं, मामले में आरोपी अंकित श्रीवास्तव को दो दिन की पुलिस हिरासत (Police Custody) में भेजा गया है।
दूसरी ओर, दिल्ली जल बोर्ड के तत्कालीन सीईओ व आईएएस अधिकारी उदित प्रकाश राय (जो वर्तमान में मिजोरम में तैनात हैं) की जमानत अर्जी पर कोर्ट गुरुवार को ही सुनवाई करेगा। सुनवाई के दौरान अदालत को बताया गया कि यदि वे निर्धारित अवधि से अधिक हिरासत में रहते हैं, तो नियमनुसार उनकी सरकारी सेवा प्रभावित हो सकती है।
ACB ने मंगलवार को की थीं 6 गिरफ्तारियां
भ्रष्टाचार निरोधक शाखा (ACB) ने इस मामले में मंगलवार को पूर्व मंत्री सत्येंद्र जैन, आईएएस उदित प्रकाश राय, पूर्व कॉन्ट्रैक्टुअल कंसल्टेंट अंकित श्रीवास्तव और तीन ठेकेदारों—नागेंद्र यादव, राजा कुमार कुर्रा व पंकज वर्मा को गिरफ्तार किया था।
राजनीति से प्रेरित कार्रवाई का आरोप
कोर्ट ले जाते समय सत्येंद्र जैन ने अपनी गिरफ्तारी को राजनीतिक साजिश करार दिया। उन्होंने कहा कि आगामी पंजाब विधानसभा चुनावों को देखते हुए उनके खिलाफ यह कार्रवाई की जा रही है और इसका सच्चाई से कोई लेना-देना नहीं है।




