झारखंड में पहली बार एयर शो: रांची के आसमान में गरजेंगे वायुसेना के फाइटर जेट्स, युवाओं को मिलेगा साहस का अनुभव

भारतीय वायुसेना की प्रतिष्ठित सूर्यकिरण एयरोबेटिक्स टीम पहली बार झारखंड की राजधानी रांची में एयर शो का प्रदर्शन करने जा रही है। यह ऐतिहासिक आयोजन 19 और 20 अप्रैल को नामकुम स्थित आर्मी ग्राउंड पर सुबह 9:30 से 10:30 बजे तक आयोजित होगा। इस शो को लेकर राजधानी के लोगों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सूर्यकिरण टीम का रांची में पहला शो
इस दो दिवसीय शो में भारतीय वायु सेना के 9 “हॉक” फाइटर जेट्स एकसाथ आसमान में रोमांचक और हैरतअंगेज करतब दिखाएंगे। यह एयर शो भारतीय वायुसेना के अदम्य साहस और शौर्य को दिखाने के साथ-साथ युवाओं को सेना में करियर की ओर प्रेरित करने का उद्देश्य भी रखता है।
शो की टाइमिंग और जरूरी जानकारी
- शो की टाइमिंग: सुबह 9:30 बजे से 10:30 बजे तक
- दर्शकों के लिए प्रवेश: केवल सुबह 9 बजे तक
- लेट आने वालों को अंदर प्रवेश नहीं मिलेगा
- अगर आप इस शो को देखना चाहते हैं, तो निर्धारित समय से पहले कार्यक्रम स्थल पर पहुंचना बेहद ज़रूरी है।
नो-फ्लाइंग जोन और सुरक्षा व्यवस्था
रांची जिला प्रशासन ने एयर शो के मद्देनज़र नामकुम खोजा टोली आर्मी ग्राउंड के 200 मीटर क्षेत्र को नो-फ्लाइंग ज़ोन घोषित कर दिया है। यह प्रतिबंध 17 अप्रैल सुबह 6 बजे से 20 अप्रैल रात 11 बजे तक प्रभावी रहेगा। इस दौरान ड्रोन, पैराग्लाइडिंग, हॉट एयर बैलून, सहित किसी भी प्रकार की हवाई गतिविधियों पर सख्त प्रतिबंध रहेगा। कार्यक्रम स्थल पर तीन लेयर की सुरक्षा व्यवस्था तैनात की गई है, ताकि शो के दौरान कोई अवांछित गतिविधि न हो।
इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं को भारतीय सेना के शौर्य, अनुशासन और देशभक्ति से रूबरू कराना है। भारतीय वायुसेना का यह कदम झारखंड के युवाओं में नई ऊर्जा भरने वाला साबित हो सकता है।



