उत्तर प्रदेश

उपज का स्थापना दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, संस्थापक राधेश्याम कर्ण को दी गई श्रद्धांजलि

पत्रकारों के लिए दो लाख रुपये के सामूहिक बीमा की घोषणा

Lucknow Focus News Desk: बाराबंकी जिले में उत्तर प्रदेश एसोसिएशन ऑफ जर्नलिस्ट्स (उपज) का स्थापना दिवस नगर पालिका मार्केट स्थित कार्यालय में धूमधाम और सम्मान के साथ मनाया गया। इस अवसर पर उपज के संस्थापक स्व. राधेश्याम कर्ण को श्रद्धांजलि अर्पित की गई और पत्रकार हितों को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी की गईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेवी देव कुमार गुप्ता ने की, जबकि संचालन उपज के महामंत्री रत्नेश कुमार ने किया। समारोह में उपस्थित जिलाध्यक्ष नितिन श्रीवास्तव ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं और कहा कि पत्रकारों के लिए कम से कम दो लाख रुपये के सामूहिक बीमा की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि उपज संगठन इस दिशा में गंभीर प्रयास कर रहा है।

जिला संयोजक दिलीप श्रीवास्तव ने स्व. राधेश्याम कर्ण को याद करते हुए कहा, “आज उपज जिस मुकाम पर पहुंचा है, उसका पूरा श्रेय कर्ण जी की ईमानदारी, संघर्ष और समर्पण को जाता है।” उन्होंने यह भी घोषणा की कि शीघ्र ही सभी पत्रकारों के लिए दो लाख रुपये का सामूहिक बीमा कराया जाएगा।

दिलीप श्रीवास्तव ने यह भी बताया कि अब तक मान्यता प्राप्त पत्रकारों को मिलने वाली रेलवे छूट और रेल पास बहाल नहीं हुई है। इसके लिए उपज का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही रेल मंत्री से मुलाकात कर यह मुद्दा उठाएगा। साथ ही उन्होंने जानकारी दी कि पत्रकारों के लिए वाचनालय और प्रेस कॉन्फ्रेंस हॉल निर्माण हेतु एमएलसी अंगद कुमार सिंह द्वारा स्वीकृत की गई निधि स्थल एनओसी के अभाव में रुकी हुई है। तहसील प्रशासन से इसे शीघ्र स्वीकृत कराने का प्रयास किया जाएगा।

महामंत्री रत्नेश कुमार ने बताया कि उपज के प्रयासों से कई पत्रकारों का आयुष्मान कार्ड बन चुका है, लेकिन अब भी कई पत्रकार इससे वंचित हैं। उन्होंने कहा कि सूचना विभाग से समन्वय कर शेष पत्रकारों के कार्ड जल्द बनवाए जाएंगे।

कार्यक्रम को उपाध्यक्ष फखरे आलम ने भी संबोधित किया और संगठन की उपलब्धियों को रेखांकित किया। समारोह के अंत में अध्यक्ष देव कुमार गुप्ता ने सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दीं।

इस अवसर पर केशव गौतम, योगेश जायसवाल सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button