गाजियाबाद: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का किया उद्घाटन, सीएम योगी और रक्षामंत्री रहे मौजूद

Lucknow Focus News Desk: राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को गाजियाबाद के इंदिरापुरम स्थित यशोदा मेडिसिटी अस्पताल का औपचारिक उद्घाटन किया। इस महत्वपूर्ण अवसर पर उनके साथ केंद्रीय रक्षामंत्री राजनाथ सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक और राज्य स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अनुप्रिया पटेल सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
राष्ट्रपति ने किया अस्पताल का भ्रमण
सुबह 11:33 बजे राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू अस्पताल परिसर पहुँचीं। मंच पर पहुँचने से पूर्व उन्होंने अस्पताल का भ्रमण किया और वहाँ मौजूद अत्याधुनिक उपकरणों तथा बेहतर इलाज की सुविधाओं के बारे में जानकारी ली।
यशोदा प्रबंधन की ओर से सभी अतिथियों का स्वागत किया गया। अस्पताल के प्रबंध निदेशक (एमडी) ने बताया कि यह अस्पताल मात्र एक हजार दिनों में बनकर तैयार हुआ है और इसे विश्व के बेहतर मेडिसिटी अस्पतालों में से एक बनाने का प्रयास किया गया है। प्रबंधन ने अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न आधुनिक सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया।
यह उद्घाटन कार्यक्रम गाजियाबाद और पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के लिए स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।




