हनुमान जयन्ती 6 अप्रैल को


लखनऊ। चैत्र शुक्ल पूर्णिमा को चित्रा नक्षत्र में भगवान शिव ने अपने अंश 11वें रूद्र से माता अंजना के गर्भ से हनुमान जी के रूप में जन्म लिया जिसे श्री हनुमान जयन्ती के रूप में मनाते हैं। इस वर्ष हनुमान जयन्ती 6 अप्रैल को है।
स्वास्तिक ज्योतिष केन्द्र, अलीगंज, लखनऊ के ज्योतिषाचार्य एस. एस. नागपाल के अनुसार चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि आरंभ: 05 अप्रैल 2023, बुधवार, प्रातः 09:19 बजे से चैत्र माह के शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि समाप्त: 06 अप्रैल 2023, गुरुवार, प्रातः 10:04 बजे तक उदयातिथि के अनुसार हनुमान जयंती 6 अप्रैल को मनाई जाएगी।
हनुमान जी का जन्म सूर्यादय के समय हुआ था। हनुमान जी कलयुग में सर्वाधिक पूजें जाने वाले देवता हैं। हनुमान जी भगवन शिव के अवतार है। इनकी पूजा तत्काल फल देने वाली है इन्हें हनुमान, संकटमोचन, बजरंगबली, महावीर, पवन पुत्र, आंजनेय, केसरीनन्दन आदि नामों से पुकारा जाता है हनुमान जी अष्ट निधि और नव निधियों के दाता हैं इन्हें ग्राम देवता के रूप में भी पूजा जाता है। ये शक्ति, तेज और साहस के प्रतीक हैं। हनुमान भक्त इस दिन व्रत रख कर राम, सीता, लक्ष्मण और हनुमानजी का पूजन कर भजन- कीर्तन करते हैं। इस दिन व्रत रखकर रामचरित मानस के सुन्दर काण्ड का पाठ हनुमान चालीसा का पाठ करना बहुत लाभदायक होता है। लाल वस्त्र, लाल चन्दन, लाल फूल, सिन्दूर चमेली के तेल का लेप, बेसन के लडडू और बूंदी से ये शीघ्र प्रसन्न होते हैं। हनुमान जी की पूजा से जीवन में बल, बुद्वि, साहस, संकटों पर विजय, निरोगिता प्राप्त होती है और मंगल ग्रह सम्बंधी दोष दूर होते हैं। सूर्य, शनि तथा राहु के दोषों के निवारण के लिए हनुमान की आराधना विशेष मानी गई है।



