उत्तर प्रदेशलखनऊ

लखनऊ में हॉकी विश्व कप ट्रॉफी का स्वागत: CM योगी बोले- यूपी का योगदान अविस्मरणीय, मेजर ध्यानचंद को किया याद

Lucknow Focus News Desk: उत्तर प्रदेश में खेल और खिलाड़ियों के लिए बेहतर माहौल देने को कटिबद्ध मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को अपने सरकारी आवास पर एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 की प्रतिष्ठित ट्रॉफी का भव्य स्वागत किया। यह ट्रॉफी तमिलनाडु के चेन्नई और मदुरै में 28 नवंबर से 10 दिसंबर तक आयोजित होने वाले विश्व कप से पहले लखनऊ पहुँची है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लखनऊ में इस ट्रॉफी का स्वागत करना उनके और प्रदेशवासियों के लिए आह्लादित करने वाला क्षण है। उन्होंने ज़ोर देकर कहा, “उत्तर प्रदेश में इस ट्रॉफी का आना यूपी के स्वर्णिम इतिहास का स्मरण कराने वाला क्षण है।”

हॉकी में उत्तर प्रदेश का गौरवशाली योगदान

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भारतीय हॉकी में उत्तर प्रदेश के अविस्मरणीय योगदान को रेखांकित किया। उन्होंने ‘हॉकी के जादूगर’ मेजर ध्यानचंद को याद किया, जिनका जन्म उत्तर प्रदेश की धरती पर हुआ था। उनके नेतृत्व में भारतीय टीम ने तीन ओलंपिक गोल्ड मेडल जीते थे। उनकी स्मृतियों को बनाए रखने के लिए मेरठ में मेजर ध्यानचंद स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का निर्माण किया जा रहा है, जिसका पहला सत्र इस वर्ष से शुरू हो चुका है। के.डी. सिंह ‘बाबू’: उन्होंने हॉकी के यशस्वी खिलाड़ी के.डी. सिंह ‘बाबू’ का भी जिक्र किया, जिनकी स्मृति को जीवंत रखने के लिए बाराबंकी स्थित उनके पैतृक आवास को म्यूजियम के रूप में विकसित किया जा रहा है।

वर्तमान और पूर्व खिलाड़ियों का सम्मान

सीएम योगी ने पद्म पुरस्कार से सम्मानित मोहम्मद शाहिद, अशोक कुमार समेत रवींद्र पाल, सैयद अली, डॉ. आरपी सिंह, सुजीत कुमार, ललित उपाध्याय, दानिश मुतजबा, जगवीर सिंह, और प्रेम माया जैसी महान महिला खिलाड़ियों सहित अनेक खिलाड़ियों के योगदान को याद किया, जिन्होंने हॉकी इंडिया को सम्मान दिलाया है।

उन्होंने वर्तमान में सीनियर और जूनियर भारतीय टीमों में चयनित होकर प्रदेश को गौरवान्वित कर रहे खिलाड़ियों राजकुमार पाल, उत्तम सिंह, विष्णुकांत सिंह, मुमताज, साक्षी, ज्योति, और पूर्णिमा को भी शुभकामनाएं दीं।

विश्व कप और आयोजन

एफआईएच हॉकी पुरुष जूनियर विश्व कप 2025 में पहली बार 24 टीमें भाग ले रही हैं, जिनमें मेजबान भारत के साथ चीन, बेल्जियम, जापान, स्पेन, न्यूजीलैंड, कनाडा और ऑस्ट्रेलिया प्रमुख हैं। भारत ने यह खिताब 2001 और 2016 में जीता था और इस बार घरेलू मैदान पर तीसरी बार खिताब जीतने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेगा।

मुख्यमंत्री ने विश्व कप से जुड़े समस्त पदाधिकारियों का स्वागत करते हुए टूर्नामेंट के सफल आयोजन और भारतीय खिलाड़ियों की सफलता की मंगलकामना की। इस समारोह में खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव, हॉकी इंडिया के महासचिव भोलानाथ सिंह और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी ललित कुमार उपाध्याय सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button