उत्तर प्रदेश

‘वंदे मातरम् विरोधियों’ को पहचानिए, CM योगी ने बाराबंकी में दी ₹1734 करोड़ की परियोजनाओं की सौगात

Lucknow Focus News Desk: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बाराबंकी के फतेहपुर कस्बे में सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती समारोह में भाग लिया और विपक्षी दलों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि वे ऐसे लोगों को पहचानें जो सरकारी योजनाओं का लाभ तो सबसे पहले लेते हैं, लेकिन वंदे मातरम् का विरोध करते हैं।

मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस तो चाहती ही नहीं थी कि ‘लौह पुरुष’ सरदार पटेल का सम्मान हो।

₹1734 करोड़ की विकास परियोजनाओं का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर जिले को बड़ी सौगात देते हुए ₹1734 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इन परियोजनाओं में मुख्य रूप से सड़क, शिक्षा, सिंचाई, स्वास्थ्य और औद्योगिक विकास से जुड़ी योजनाएं शामिल हैं, जिनसे जिले के विकास को गति मिलेगी। मुख्यमंत्री ने विभिन्न सरकारी योजनाओं के लाभार्थियों को मंच से प्रमाण पत्र और स्वीकृति पत्र भी वितरित किए।

राष्ट्रीय एकता पर ज़ोर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन की शुरुआत ‘सियावर रामचंद्र की जय’ के साथ की। उन्होंने सरदार पटेल की जयंती के अवसर पर राष्ट्रीय एकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आपसी मनमुटाव हो सकता है, मगर जब राष्ट्रीय एकता की बात हो तो सभी को मतभेद भूलकर एक हो जाना चाहिए। मुख्यमंत्री सुबह करीब 10:30 बजे फतेहपुर पहुँचे। उन्होंने हेलीपैड के समीप स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया और फिर कार्यक्रम स्थल पहुँचे।

कार्यक्रम में राज्यमंत्री सतीश चंद्र शर्मा, क्षेत्रीय प्रभारी संजय राय सहित अन्य भाजपा पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री को सुनने के लिए सुबह से ही कार्यक्रम स्थल पर भारी भीड़ जुटी हुई थी।

Related Articles

Back to top button