डबल इंजन की सरकार रही तो पूरे देश की स्थिति मणिपुर जैसी हो जाएगी : रामगोविंद चौधरी


लखनऊ फोकस न्यूज
लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा है कि देश में डबल इंजन की सरकार बनी रही तो आने वाले दिनों में पूरे देश की स्थिति मणिपुर जैसी होगी। उन्होंने कहा है कि देश को इस स्थिति से बचाना है तो जो जहाँ है, वहीं लोगों को समझाए कि डबल इंजन की सरकारों का कानून व्यवस्था और संविधान में विश्वास नहीं है।
शनिवार को अपने आवास पर पत्रकारों और सामाजिक कार्यकर्ताओं से बातचीत में सपा के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि गत चार मई को मणिपुर में दो महिलाओं को निर्वस्त्र कर परेड कराए जाने का वीडियो केवल कानून व्यवस्था पर नहीं, सम्पूर्ण मानवता के माथे पर कलंक है। इसके लिए मणिपुर सरकार के साथ ही भारत सरकार भी दोषी है। उन्होंने राष्ट्रपति से आग्रह किया है कि वह इस मामले को स्वयं संज्ञान में लें और दोषीजनों के साथ ही दोनों सरकारों के जिम्मेदार लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई करें।
सपा के राष्ट्रीय सचिव और उत्तर प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष रामगोविंद चौधरी ने कहा कि पीड़ित महिलाओं को मणिपुर पुलिस की जीप से उतारा गया। उनके बचाव में आगे बढे उनके परिजनों की ह्त्या की गई। निर्वस्त्र कर परेड कराई गई और राज्य सरकार की पुलिस मूकदर्शक बनी रही। राज्य की कानून व्यवस्था के लिए यह घटना चुल्लू भर पानी में डूब मरने वाली बात है। उन्होंने कहा कि इस हृदय विदारक मामले में ढाई महीने तक भारत सरकार भी चुप्पी साधे रही। इस चुप्पी को लेकर भारत सरकार की भी जितनी निंदा की जाए, कम है।




