बिजनेस

महाराष्ट्र की बारिश का असर दिल्ली तक: प्याज 50 और टमाटर 100 रुपए किलो तक पहुंचने की आशंका

Lucknow Focus News Desk: महाराष्ट्र और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में हो रही मूसलाधार बारिश ने कृषि व्यवस्था को हिला कर रख दिया है। भारी वर्षा के चलते प्याज और टमाटर की फसल को भारी नुकसान हुआ है, जिसका सीधा असर देश की राजधानी दिल्ली सहित कई अन्य हिस्सों में सब्जियों की आपूर्ति और खुदरा कीमतों पर देखने को मिल रहा है।

जून की शुरुआत में ही कीमतों में तेज़ उछाल

दिल्ली में 31 मई को प्याज का खुदरा मूल्य 20 रुपए प्रति किलोग्राम था, जो महज़ दो दिनों में बढ़कर 30 रुपए प्रति किलोग्राम तक पहुंच गया। वहीं, टमाटर की कीमतें 20 रुपए से उछलकर 35 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गईं। यानी दो दिन में टमाटर में करीब 75% और प्याज में 50% की वृद्धि दर्ज की गई।

दिल्ली की मंडियों में भी यही रुझान देखने को मिला। प्याज का थोक भाव 15 रुपए से बढ़कर 21 रुपए प्रति किलो हो गया, जबकि टमाटर 20 से 27 रुपए प्रति किलो तक चढ़ गया। इससे साफ है कि आपूर्ति में गिरावट ने थोक और खुदरा दोनों बाजारों को प्रभावित किया है।

नासिक में भी तेजी

महाराष्ट्र के नासिक जिले के लासलगांव मंडी जो देश की सबसे बड़ी प्याज मंडी मानी जाती है में भी प्याज की कीमतों में बीते पखवाड़े में लगभग 20% की बढ़ोतरी देखी गई है। 15 मई को जहां कीमत 11.50 रुपए प्रति किलो थी, वहीं 31 मई को यह 14 रुपए प्रति किलो तक पहुंच गई।

स्थानीय सब्ज़ी विक्रेता पप्पू सिंह के अनुसार, बारिश के कारण फसल की बर्बादी और माल की कमी से बाजार में आवक घट गई है। उन्होंने आशंका जताई है कि यदि स्थिति में सुधार नहीं हुआ, तो अगले 15 दिनों में टमाटर की कीमतें 50 रुपए पार कर सकती हैं, और जुलाई में यह 100 रुपए प्रति किलो तक पहुंच सकती हैं। प्याज की कीमतें भी इसी अवधि में 50 से 70 रुपए प्रति किलो के बीच रह सकती हैं।

सरकारी आंकड़ों में भी कीमतों की पुष्टि

उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय के अनुसार, देशभर में प्याज की औसत कीमत 31 मई को 26.01 रुपए प्रति किलो थी, जो 2 जून को बढ़कर 26.24 रुपए हो गई। टमाटर की औसत कीमतें भी इसी दौरान 25.49 से बढ़कर 26.41 रुपए प्रति किलो हो गईं। दिल्ली में भी प्याज की कीमतें दो दिनों में 20 से बढ़कर 27 रुपए प्रति किलो पहुंच गईं, जबकि टमाटर 20 से 23 रुपए प्रति किलो पर आ गया।

Related Articles

Back to top button