गोरखपुर में सीएम योगी ने जनता दर्शन में सुनीं लोगों की समस्याएं, न्याय और त्वरित समाधान का दिया भरोसा

Lucknow Focus News Desk: गोरखपुर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर परिसर में आयोजित जनता दर्शन में भाग लिया। यहां उन्होंने करीब 200 लोगों से सीधे मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं और हर मामले में जल्द से जल्द समाधान का आश्वासन दिया। सीएम योगी ने साफ संदेश दिया कि किसी भी पीड़ित की अनदेखी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
हर पीड़ित को मिलेगा न्याय: सीएम योगी
जनता दर्शन का आयोजन महंत दिग्विजयनाथ स्मृति भवन के सामने किया गया था, जहां मुख्यमंत्री ने खुद लोगों के पास जाकर उनकी बातें सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि “हर पीड़ित की शिकायत पर त्वरित और प्रभावी कार्रवाई की जाए। हीलाहवाली या लापरवाही किसी कीमत पर मंजूर नहीं है।” मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि सरकार का उद्देश्य हर नागरिक तक न्याय पहुंचाना और उनकी पीड़ा को दूर करना है।
माफियाओं पर हो कार्रवाई
जनता दर्शन में जमीन पर अवैध कब्जे की कई शिकायतें सामने आईं। इन मामलों में मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि “गरीबों की जमीन पर कब्जा करने वाले भूमाफियाओं और दबंगों को बिल्कुल भी बख्शा न जाए। उनके खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाते हुए सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए।” उन्होंने यह भी कहा कि गरीबों और कमजोरों के हक की रक्षा करना सरकार की प्राथमिकता है।
इलाज के लिए आर्थिक मदद का भरोसा, भावुक हुए सीएम
जनता दर्शन में कुछ लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की मांग लेकर पहुंचे थे। सीएम योगी ने सभी को भरोसा दिलाया कि “सरकार इलाज के लिए पूरा सहयोग करेगी। धन की कमी किसी भी जरूरतमंद के इलाज में आड़े नहीं आएगी।” एक व्हीलचेयर पर पहुंचे युवक को देखकर मुख्यमंत्री भावुक हो गए और तुरंत संबंधित अधिकारियों को इलाज का खर्च जल्दी शासन को भेजने का निर्देश दिया।
बच्चों को दिया आशीर्वाद और चॉकलेट
रविवार की सुबह मुख्यमंत्री योगी ने गोरखनाथ मंदिर में गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने गुरुदेव ब्रह्मलीन महंत अवेद्यनाथ की समाधि पर मत्था टेका। मंदिर परिसर में भ्रमण के दौरान जब उन्होंने कुछ बच्चों को देखा, तो उन्हें पास बुलाया, नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा, हंसी-मजाक की और चॉकलेट और आशीर्वाद दिया।
सिर्फ गोरखपुर ही नहीं, दूसरे जिलों से भी पहुंचे लोग
जनता दर्शन में केवल गोरखपुर ही नहीं, दूसरे जिलों के लोग भी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री ने सभी को आश्वस्त किया कि “हर समस्या का हल मिलेगा। सरकार हर पीड़ित के साथ खड़ी है और हर शिकायत का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।”
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह जनता दर्शन एक बार फिर यह साबित करता है कि वे जनता से सीधे जुड़ाव और उनकी समस्याओं के समाधान में व्यक्तिगत रुचि लेते हैं। जनता की भावनाओं को समझते हुए उन्होंने भरोसा दिलाया कि न्याय सभी को मिलेगा और जरूरतमंदों को हर संभव सहायता दी जाएगी।
Also Read: गुजरात कांग्रेस में बड़ा फेरबदल: 40 से ज्यादा जिलों और शहरों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति




