उत्तरकाशी में बादल फटा: धराली में तबाही, 5 की मौत, 60 लोग लापता होने की आशंका

Lucknow Focus News Desk: उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले से एक दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है। हर्षिल के धराली में मंगलवार को बादल फटने से भारी तबाही हुई है। इस हादसे में अब तक 5 लोगों की मौत की पुष्टि हो चुकी है, जबकि 12 लोगों के मलबे में दबे होने और 60 से ज्यादा लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है। 100 से ज्यादा लोग अभी भी फंसे हुए हैं।
चंद सेकंड में सब कुछ तबाह, सामने आया वीडियो
बादल फटने का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि कैसे सिर्फ 20 सेकंड के भीतर सबकुछ मलबे में तब्दील हो गया। वीडियो में लोग चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं। बादल फटने से खीरगाढ़ नदी का जलस्तर अचानक बहुत बढ़ गया और तेज बहाव में भारी मलबा धराली कस्बे में घुस गया, जिससे कई घर मलबे में समा गए।
राहत और बचाव कार्य युद्ध स्तर पर जारी
घटना की सूचना मिलते ही आर्मी की टीम 10 मिनट के भीतर मौके पर पहुंच गई। अभी 150 से ज्यादा भारतीय सेना के जवान रेस्क्यू ऑपरेशन में लगे हुए हैं। इसके अलावा, एंबुलेंस और डॉक्टरों की टीम भी घटनास्थल पर पहुंच गई है।
गृह मंत्री अमित शाह ने उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से बात कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने बताया कि ITBP की 3 और NDRF की 4 टीमें राहत और बचाव के लिए रवाना कर दी गई हैं।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अपना दौरा रद्द कर दिया है और देहरादून लौट आए हैं। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन, सेना, एनडीआरएफ और एसडीआरएफ की टीमें मिलकर काम कर रही हैं। लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया जा रहा है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
जिला मजिस्ट्रेट प्रशांत आर्य ने बताया कि फंसे हुए लोगों में कुछ पर्यटक भी शामिल हो सकते हैं, क्योंकि उस इलाके में कई होटल और रेस्टोरेंट हैं।
प्रशासन ने जारी किया हेल्पलाइन
उत्तरकाशी जिला प्रशासन ने आपदा में फंसे लोगों और उनके परिजनों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किए हैं: 01374-222126, 222722, 9456556431।
Also Read: ‘आपदाओं से धरती को बचा सकते हैं सिर्फ पेड़-पौधे’, बाराबंकी में पौधरोपण पर बोले डॉ. विवेक वर्मा