स्वतंत्रता दिवस 2026: सीएम योगी ने बलिदानी वीरों के परिजनों को किया सम्मानित, सौंपे शौर्य और वीर चक्र

Lucknow Focus News Desk: स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ स्थिति विधान भवन के समक्ष आयोजित भव्य राजकीय समारोह में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने देश की रक्षा और मान-सम्मान के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले अमर शहीदों और शूरवीरों के परिजनों को सम्मानित किया। इस दौरान सीएम योगी ने वीरों के परिवारों को ‘शौर्य चक्र’ और ‘वीर चक्र’ सौंपकर उनके प्रति कृतज्ञता व्यक्त की।
शहीदों और जांबाज सैनिकों के परिजनों को मिला सम्मान
समारोह में देश के विभिन्न सैन्य ऑपरेशनों और अभियानों में अदम्य साहस दिखाने वाले वीरों के परिजनों को मुख्यमंत्री ने सम्मानित किया।
शौर्य और वीर चक्र से सम्मानित परिवार: मरणोपरांत ‘शौर्य चक्र’ से सम्मानित शहीद लेफ्टिनेंट हरी सिंह बिष्ट की माता शांति बिष्ट, ‘शौर्य चक्र’ विजेता लेफ्टिनेंट कर्नल अमित मोहिंद्रा के पिता एच.एस. मोहिंद्रा, ‘शौर्य चक्र’ प्राप्त कर्नल भरत सिंह और ‘वीर चक्र’ से सम्मानित शहीद नायक राजा सिंह की पौत्र वधू राजेश्वरी देवी को सम्मानित किया गया।
ऑपरेशन विजय और रक्षक के वीर: ‘ऑपरेशन विजय’ के शहीद मेजर रितेश शर्मा के पिता सत्य प्रकाश शर्मा, ‘ऑपरेशन रक्षक’ में शहीद नायक अरुण कुमार त्रिपाठी के पिता हवलदार ओमप्रकाश त्रिपाठी, तथा वायुयान दुर्घटना में शहीद एनसी पुताली के भाई मुन्नी लाल को सीएम ने नमन किया।
सैन्य अभियानों के बलिदानी: नौसैन्य अभियान में शहीद लेफ्टिनेंट कमांडर रजनीकांत यादव की माता प्रजेश यादव, ‘ऑपरेशन पवन’ के शहीद राजवीर सिंह की पत्नी सुमन देवी और ‘ऑपरेशन रक्षक’ में शहीद सिग्नलमैन हर्षवर्धन सिंह की पत्नी शमा देवी को सम्मान प्रदान किया गया।
सेना मेडल और सीआरपीएफ के जवान: ‘सेना मेडल’ से सम्मानित हवलदार पंकज सिंह की पत्नी शक्ति सिंह, मेजर प्रभांशु सिंह के बड़े भाई प्रांजल सिंह के साथ-साथ सीआरपीएफ के शहीद रक्षाराम की पत्नी सीता सुंदरी, शहीद दिवाकर तिवारी की पत्नी संतोष तिवारी और लांस नायक शहीद बचान सिंह की पत्नी मुन्नी देवी को मंच पर सम्मानित किया गया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में कहा कि जिन वीरों ने अपने प्राणों की परवाह किए बिना भारत का मस्तक गर्व से ऊंचा किया है, उनके परिवारों का सम्मान करना पूरे राज्य और देश के लिए गर्व की बात है।




