uncategorized

India Pakistan War Latest: BJP ने निकाली ‘तिरंगा यात्रा’, भारतीय सेना को दिया सम्मान

Lucknow Focus News Desk: पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में भारतीय सेना द्वारा चलाए गए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के समर्थन में देशभर में तिरंगा यात्राएं निकाली जा रही हैं। रविवार को कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से एक विशाल तिरंगा यात्रा निकाली गई। इस यात्रा में केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे, राज्य विधान परिषद में विपक्ष के नेता चालवडी नारायणस्वामी समेत कई प्रमुख नेता शामिल हुए।

इस तिरंगा यात्रा का उद्देश्य भारतीय सेना के साहस, बलिदान और ऑपरेशन सिंदूर की सफलता का सम्मान करना था। केंद्रीय मंत्री शोभा करंदलाजे ने कहा, “भारत आतंकवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ रहा है। पहलगाम में 26 निर्दोष नागरिकों की हत्या एक अमानवीय कृत्य था, जिसका जवाब भारतीय सेना ने 7 मई को ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के माध्यम से दिया। आज देश को एकजुट होकर सरकार और सशस्त्र बलों के साथ खड़े होने की जरूरत है। पाकिस्तान पर विश्वास नहीं किया जा सकता, वह बार-बार सीजफायर उल्लंघन और धोखा देता रहा है।”

भाजपा की तरह कांग्रेस पार्टी ने भी अलग-अलग शहरों में तिरंगा यात्राओं का आयोजन किया। बिहार, उत्तर प्रदेश के अयोध्या सहित कई जगहों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सेना के समर्थन में रैलियाँ निकालीं और एकजुटता का संदेश दिया। कांग्रेस नेताओं ने आतंकवाद के खिलाफ सख्त कदम उठाने की मांग करते हुए भारतीय जवानों को श्रद्धांजलि दी जो हालिया संघर्ष में शहीद हुए।

Related Articles

Back to top button