uncategorized

भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का लिया बदला, पाकिस्तान में आतंकी ठिकानों पर मिसाइल से हमला, 100 से ज्यादा आतंकी ढेर

Lucknow Focus News Desk: भारत ने जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का करारा जवाब देते हुए पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर बड़ा मिसाइल हमला किया है। पाकिस्तानी मीडिया के हवाले से आ रही खबरों की पुष्टि करते हुए भारत सरकार ने भी इस कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी दी है। इस हमले के बाद पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है।

सूत्रों के अनुसार, भारतीय सेना ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के तहत मुजफ्फराबाद, कोटली और बहावलपुर में स्थित 9 आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया। इन हमलों में बड़ी संख्या में आतंकियों के मारे जाने की आशंका है। अब तक मिली जानकारी के अनुसार, विभिन्न ठिकानों पर कुल मिलाकर 100 से ज्यादा आतंकवादियों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है। बहावलपुर में जैश-ए-मोहम्मद के कम से कम 30 आतंकी मारे गए हैं। अन्य ठिकानों पर हुए नुकसान और मृतकों की संख्या के बारे में विस्तृत जानकारी अभी जुटाई जा रही है।

5 प्रमुख आतंकी ठिकानों को तबाह

भारतीय सेना ने यह स्पष्ट किया है कि यह हमला केवल आतंकी ठिकानों को निशाना बनाने के लिए किया गया था। इसके साथ ही, भारतीय सेना ने पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (पीओके) में भी सर्जिकल स्ट्राइक कर कम से कम 5 प्रमुख आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया है।

विंग कमांडर व्योमिका सिंह ने इस ऑपरेशन के बारे में जानकारी देते हुए कहा, “पहलगाम आतंकी हमले के पीड़ितों और उनके परिवारों को न्याय दिलाने के लिए भारतीय सशस्त्र बलों द्वारा ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया गया था। इस ऑपरेशन के तहत, 9 आतंकवादी शिविरों को सफलतापूर्वक निशाना बनाया गया और नष्ट कर दिया गया।”

यह कार्रवाई पाकिस्तान में स्थित आतंकी ठिकानों पर भारत की ओर से किया गया अब तक का सबसे बड़ा मिसाइल हमला माना जा रहा है। इस हमले के बाद क्षेत्र में तनाव बढ़ गया है और पाकिस्तान की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है। सुरक्षा विश्लेषकों का मानना है कि भारत का यह कदम आतंकवाद के खिलाफ उसकी जीरो टॉलरेंस नीति को दर्शाता है।

Related Articles

Back to top button